संघ मुख्यालय पहुंचे उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन

स्मृति मंदिर पहुंचकर दी संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार को श्रद्धांजलि

नागपुर/दि.21 – भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने अपने महाराष्ट्र दौरे के दौरान नागपुर स्थित हेडगेवार स्मृति मंदिर में पहुंचकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को श्रद्धांजलि अर्पित की.
विशेष उल्लेखनीय है कि, सीपी राधाकृष्णन का उपराष्ट्रपति बनने के बाद महाराष्ट्र का पहला आधिकारिक दौरा है. इस दौरान उन्होंने नागपुर के महर्षि व्यास सभागार में आयोजित भारतीय युवा संसद के 29वें राष्ट्रीय अधिवेशन के उद्घाटन कार्यक्रम में भी भाग लिया. इसके बाद वे रेशीमबाग स्थित स्मृति मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने डॉ. हेडगेवार के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की. साथ ही उन्होंने संघ के द्वितीय सरसंघचालक एम.एस. गोलवलकर के स्मृति स्थल का भी दर्शन किया.
बताया जा रहा है कि पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू के बाद रेशीमबाग स्थित इस स्मारक पर जाने वाले वे दूसरे उपराष्ट्रपति हैं. गौरतलब है कि हेडगेवार स्मृति मंदिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक और उनके उत्तराधिकारी को समर्पित एक महत्वपूर्ण स्मारक है, जो नागपुर के रेशीमबाग क्षेत्र में स्थित है और संघ के लिए विशेष महत्व रखता है. उपराष्ट्रपति का यह दौरा राजनीतिक और वैचारिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि नागपुर को संघ का प्रमुख केंद्र माना जाता है.

Back to top button