वायरल ऑडियो से पुलिस की नाक में दम

न घटनास्थल मिला, न संबंधित महिला

* शहर में अभिभावक वर्ग में मची थी खलबली
अमरावती/दि.17 – सोशल मीडिया पर दो दिनों से वायरल ऑडियो में कैम्प क्षेत्र का नाम बताकर बच्चे के अपहरण या महिला वर्ग को नुकसान पहुंचाने की कथित घटना ने अमरावती पुलिस को हिलाकर रख दिया. पुलिस ने वायरल ऑडियो के आधार पर घटनास्थल तलाश करने की कोशिश की, तो न घटनास्थल मिला और न ही ऐसी किसी महिला का पता चला, जो उक्त घटना के बाद काफी डर गई थी. इस महिला द्वारा अपने साथ हुई कथित घटना ऑडियो क्लीप बनाकर वायरल किये जाने से सभी अभिभावक भयभीत हो गये थे. पुलिस ने भी मामले की गंभीरता देख दखल ली और कार्रवाई का प्रयत्न किया. अभी तो यह मामला किसी और शहर का लगता है. सोशल मीडिया पर शहर और जिले की सीमाएं नहीं रहती. इतना जरुर है कि, आपबीती सुना रही महिला काफी घबराई हुई लग रही थी. उसके ऑडियो में दो बार कैम्प एरिया और अपोलो मेडिकल का जिक्र रहा.
* वायरल ऑडियो और सभी चौकन्ने
अनेक वॉट्सएप समूह में ऑडियो वायरल होने के बाद उसे अमूमन सभी ने गौर से सुना. करीब तीन मिनट के ऑडियो में किसी कैम्प एरिया का उल्लेख है. जहां बेटी की साइकिल का पंक्चर सुधारने गई महिला के साथ हुई कथित घटना का बडा डरावना चित्रण सुनाई पडता है. महिला की आवाज भयभीत होने के साथ-साथ ऑडियो के अंत में वह रो पडती है.
* बच्चों के किडनैप की आशंका
महिला बडे कातर स्वर में अपने बच्चों का ध्यान रखने, सावधानी रखने की अपील बार-बार कहते सुनी जाती है. वह बताती है कि, 40 मिनट पहले उसके साथ जो घटना हुई वह डराने वाली है. होशियार करने वाली है. कैम्प नामक क्षेत्र मेें अपोलो मेडिकल के सामने उसकी बेटी की साइकिल की मरम्मत करवाने जाते समय वाकया होने का उल्लेख कर महिला वहां का संपूर्ण चित्रण शब्दों में बयां करती है. उसमें हरी शर्ट और सफेद पैंट पहने युवक, पागल और डरावने से शक्स एवं नीले डे्रस में किन्नर का भी कोई घटना अंजाम देने की फिराक में बताया जाता है. डर के मारे महिला पंक्चर वाले की मदद से सही सलामत घर लौट आती है और यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल करती है.
* फ्रेजरपुरा पुलिस एक्शन में
इस ऑडियो के अनेक समूह में शेअर किये जाने पश्चात मामला पुलिस के कानों तक पहुंचा. वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिये. जिसके अनुरुप फे्रजरपुरा पुलिस ने अपना पूरा एरिया छान मारा. उसे वह घटनास्थल नहीं दिखाई दिया. उसी प्रकार इस प्रकार की घटना की शिकार महिला के बारे मेें भी कोई जानकारी नहीं मिल पायी. जिससे यह भी कहा जा रहा है कि, किसी और शहर का यह घटनाक्रम हो सकता है. बहरहाल अमरावती में उक्त ऑडियो ने अभिभावक वर्ग में काफी घबराहट मचा दी थी.

Back to top button