मैपिंग पर ध्यान दें मतदाता, अप्रैल में चलेगी विशेष पुनरीक्षण मुहिम

जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने जानकारी देते हुए किया आवाहन

अमरावती/दि.18 – मतदाता सूची के सुधार के लिए चुनाव आयोग द्वारा विशेष व्यापक पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) अप्रैल महीने में चलाया जाएगा. इसको लेकर जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारियों को अभी से मतदाता मैपिंग कार्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं.
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में उपजिला निर्वाचन अधिकारी शिवाजी शिंदे और उपजिलाधिकारी विवेक जाधव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे. बैठक में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की पूर्व तैयारी की समीक्षा की गई. इस समय जिलाधिकारी येरेकर ने बताया कि चुनाव आयोग वर्तमान मतदाता सूची का वर्ष 2002 की सूची से मिलान कर रहा है. इसके लिए अधिकारियों को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन (मैपिंग) करना होगा. मैपिंग के दौरान जिन मतदाताओं का मिलान नहीं हो पाता, उनकी पांच दिनों के भीतर सुनवाई भी की जाएगी. उन्होंने बताया कि जिले में अब तक लगभग 46 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है. आने वाले दस दिनों में इसे बढ़ाकर 80 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.
इस बैठक में मैपिंग कार्य को सुगम बनाने के लिए अधिकारियों को संबंधित मतदाताओं की सूची और वर्ष 2002 की मतदाता सूची साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, यह पूरी प्रक्रिया कंप्यूटरीकृत है और इसके लिए दो विशेष मोबाइल एप भी विकसित किए गए हैं. इसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अलग कक्ष और प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए. जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मैपिंग का कार्य जितना अधिक और समय पर पूरा होगा, उतना ही विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान दबाव कम रहेगा. इसलिए सभी अधिकारियों को निर्धारित समय में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं.

Back to top button