अभय योजना लागू न होने पर आंदोलन की चेतावनी
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नाम मुख्याधिकारी को सौंपा ज्ञापन

चांदूर बाजार/दि.11 – चांदूर बाजार नगर परिषद क्षेत्र में महाराष्ट्र सरकार की अभय योजना लागू करने की मांग को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता मोन्टू उर्फ मुंतजीर खान ने आंदोलन की चेतावनी दी है. इस संबंध में उन्होंने राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नाम मुख्याधिकारी को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में बताया गया है कि महाराष्ट्र सरकार की महत्वाकांक्षी अभय योजना राज्य की कई नगर पालिकाओं में लागू है, लेकिन चांदूर बाजार नगर परिषद में अब तक इसे लागू नहीं किया गया है. इस योजना के तहत नागरिकों के बकाया पानी और संपत्ति कर पर लगने वाला ब्याज माफ किया जाता है, जिससे कई वर्षों से लंबित कर की वसूली आसान हो सकती है. साथ ही नागरिकों पर चक्रवृद्धि ब्याज का बोझ भी कम होगा. उन्होंने कहा कि यदि योजना लागू होती है तो नगर परिषद की आय में भी वृद्धि होगी और इस राशि का उपयोग शहर के विकास तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जा सकेगा.
मोन्टू खान ने प्रशासन से मांग की है कि चांदूर बाजार नगर परिषद क्षेत्र में जल्द से जल्द अभय योजना लागू की जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 15 दिनों में यह योजना लागू नहीं की गई, तो वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ 23 मार्च को सुबह 11 बजे नगर परिषद के मुख्य द्वार के सामने बिना पंडाल या छत के जलत्याग और अन्नत्याग आंदोलन शुरू करेंगे. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक नगर परिषद क्षेत्र में अभय योजना लागू नहीं की जाती और इसके लिए पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. इस ज्ञापन की प्रति अमरावती के जिलाधिकारी, चांदूर बाजार के तहसीलदार, मुख्याधिकारी, पुलिस थाना प्रभारी तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष संतोष महात्मे सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है.





