फिर फूटी जलापूर्ति की पाइप-लाइन

युद्धस्तर पर शुरु की गई मरम्मत

* आज और कल प्यासे रहेंगे अमरावती-बडनेरा
अमरावती /दि.17- पंचवटी चौक के पास भाउसाहब देशमुख प्रतिमा के नजदीक महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की 900 एमएम की बडी पाइप-लाइन गत देर रात बर्स्ट हो जाने से अमरावती और बडनेरा की पेयजल आपूर्ति रोकनी पडी है. मजीप्रा ने युद्धस्तर पर चार इंजिनियर एवं दर्जनों श्रमिक लगाकर मरम्मत का काम शुरु किया है. अधिकारियों ने अमरावती मंडल को बताया कि, आज रात भर मरम्मत कार्य चल सकता है. कल सबेरे मरम्मत पश्चात एक बार ट्रायल होगी. उपरान्त ही अमरावती-बडनेरा की जलापूर्ति सामान्य की जा सकेगी.
उल्लेखनीय है कि, मजीप्रा ने फरवरी माह खत्म होने आते एवं वित्त वर्ष में केवल मार्च का महीना बचने से अभी अभी 40 टीमें तैयार कर एवं निजी एजेंसी की सहायता लेकर पानी बिल वसूली का काम शुरु किया था. इसी बीच आज फिर पाइप-लाइन टैं बोल गई. जिससे अमरावती और बडनेरा की अप्पर वर्धा डैम से होने वाली जलापूर्ति बाधित हो गई. फलस्वरुप शहरवासियों को प्राकृतिक जलस्त्रोत और कैन के पानी पर निर्भर होना पडा.
इस बीच बताया गया कि, पाइप लाइन को खाली करने के बाद उसके एक बडे हिस्से को बदला जाएगा. इसके लिए मनोज वाकेकर, अविनाशे और अन्य अभियंता काम में जुटे हैं. दो दर्जन से अधिक कर्मचारी भी काम पर लगाये गये हैं. मजीप्रा के अभियंता ने बताया कि, आज सारी रात मरम्मत का काम कर कल सबेरे पाइप-लाइन की टेस्टींग करनी पडेगी. उन्होंने यह भी बताया कि, पाइप-लाइन बर्स्ट होने की वजह अभी नहीं बता सकते. 32 साल पुरानी पाइप-लाइन है और जमीन के भीतर क्या हुआ होगा, यह कहना मुश्किल है.

Back to top button