15 साल में भी नहीं बन पाई पानी की टंकी
ठेकेदार पर फौजदारी की मांग

* मोर्शी के गुस्साए नागरिक पहुंचे जिलाधीश के पास
मोर्शी/दि.16 – मोर्शी की सुजल निर्मल अभियान अंतर्गत 2011 से दिए गए पानी की टंकी और पाइप लाइन के काम डेढ दशक बाद भी पूर्ण न कर पाने से क्षुब्ध मोर्शी वासियों ने आज सीधे कलेक्टर ऑफीस पहुंचकर कडे शब्दों का निवेदन दिया. काम पूर्ण करवाने और संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर फौजदारी केस भी दायर करने की मांग निवेदन में जिलाधीश आशीष येरेकर से की.
निवेदन देते समय सर्वश्री नीलेश रोडे, आप्पा गेडाम, क्रांति चौधरी, हीरा भोसले, देव कुरवाडे, रमाकांत पाटिल, दीपाली उपस्थित थे. अपनी निवेदन की कॉपी दोनों सांसद डॉ. अनिल बोंडे और अमर काले को भी दी गई है. उसी प्रकार विधायक चंदू यावलकर से भी इस संबंध में गुहार लगाई गई है.
संबंधित विभाग और ठेकेदार से कई बार पत्राचार करने पर भी पानी का फिल्टर का काम, घटिया निर्माण, गलत जगह पाइप लाइन, टंकी के लीकेज, क्लोरिन गैस का आधा-अधूरा काम, स्टैंर्डर्ड मोटर नहीं होना, लैब का काम अधूरा रखा, एंड कैप न लगाना, तकनीकी रुप से कुशल पाइप लाइन आच्छादित नहीं करना आदि विषयों के साथ सबसे बडा मुद्दा 15 वर्षों से अब तक काम पूरा नहीं करने का आरोप ठेकेदार पर किया गया. निवेदन में कहा गया कि, ठेकेदार की लापरवाही की वजह से मोर्शी वासियों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड रहा है. यह अक्षम्य लापरवाही है, इसलिए ठेकेदार पर फौजदारी केस भी होना चाहिए.





