अजीबोगरीब हो गया मौसम, रात में ठंडा, दिन में गर्म

अधिकतम तापमान बढने के साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट भी

अमरावती/दि.21 – बीते एक सप्ताह से न्यूनतम तापमान में लगातार हो रही गिरावट के चलते अब रात में गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है, हालांकि दिन में धूप के कारण अभी भी तापमान में तल्खी बरकरार है. कल शुक्रवार सुबह से शाम तक मौसम साफ रहा धूप खिली रही. दोपहर में धूप का असर तेज होने के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा. तापमान में गिरावट देखी गई. इससे पूर्व गुरुवार रात को ठंडी हवाएं चलने से ठंड का अहसास होने लगा. हालांकि रात में हल्की ठंड पड़ने से बीते 3-4 दिनों से अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट हुई है, मगर धूप अभी भी तीखी बनी हुई है. ऐसे में गत वर्ष के मुकाबले इस बार हल्की ठंड जल्दी असर दिखाने लगी है.
शुक्रवार 20 फरवरी को अमरावती शहर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सीअस दर्ज किया गया, जो गुरुवार की तुलना में 2.8 डिग्री सेल्सीअस से अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सीअस दर्ज किया गया. जिसमें 0.2 की गिरावट दर्ज की गई, यानि जहां एक ओर अधिकतम तापमान में वृद्धि हो रही है, वहीं दूसरी ओर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. जिसके चलते जहां रात के समय ठंड का एहसास हो रहा है, वहीं दोपहर बाद अच्छी-खासी गर्मी महसूस हो रही है.
* सर्दी-खासी सहित बूखार के मरीज बढे
शहर सहित जिले के मौसम में संक्रमणकाल को देखते हुए इस समय सर्दी व खासी सहित बुखार के मरीजों की संख्या में अच्छा-खासा इजाफा हो रहा है. साथ ही कई मरीजों को एंटीबायोटिक्स लेने के बाद भी डेढ से दो सप्ताह तक स्वास्थ्य लाभ नहीं हो रहा. विशेष तौर पर छोटे बच्चे सर्दी-खासी व बुखार जैसी बीमारियों की चपेट में जमकर आ रहे है. इसके चलते जिला सामान्य अस्पताल सहित निजी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या अच्छी-खासी दिखाई दे रही है.
* बदलते मौसम में रखें सेेहत का विशेष ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार मौसम परिवर्तन हुआ है, बदलते मौसम में शरीर को ढलने में वक्त लगता है और ध्यान नहीं देने के कारण लोग अधिकांशतया बीमार हो जाते हैं, मौसम का असर बच्चों पर भी पड़ता है, ऐसे में बदलते मौसम में बच्चों की केयर पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. मामूली खांसी, जुकाम या बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें. इन दिनों मच्छर जनित बीमारी होने की आशंका रहती है, ऐसे में मच्छरों से विशेष सावधानी रखे. इस समय मौसम के अनुरूप खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए. रात में सोते समय हल्की चादर हल्के गर्म कपड़ों का उपयोग शुरू कर देना चाहिए. कूलर एसी का उपयोग भी कम कर देना चाहिए. शरीर को पूरा ढककर रखना चाहिए. हल्का सा भी वायरल होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें.
* बदरीला मौसम रहने की संभावना
स्थानीय श्री शिवाजी कृषी महाविद्यालय के कृषी व मौसम विशेषज्ञ प्रा. अनिल बंड के मुताबिक इस समय न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सीअस की वृद्धि दिखाई दे रही है. जिसमें थोडा-बहुत उतार चढाव भी हो रहा है. वहीं अधिकतम तापमान लगातार बढ रहा है. रात के समय ठंडी व दिन के समय गर्मी वाले वातावरण के चलते अगले दो-तीन दिनों के दौरान कुछ हद तक बदरीला मौसम रहने की भी पूरी संभावना है.

Back to top button