प्रदेश के बजट में अमरावती के लिए क्या?
राजकमल ब्रिज के लिए 126 करोड, गाडगे बाबा तीर्थक्षेत्र विकास

* अमरावती में शिक्षा के सभी कार्यालय हेतु पंजाबराव देशमुख संकुल
* विमानतल का विस्तार कार्य एवं खेल क्षेत्र के लिए संकुल और सुविधाएं
अमरावती /दि.6- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा आज दोपहर राज्य विधान मंडल में प्रस्तुत अर्थसंकल्प में अमरावती को लेकर कुछ स्वागतयोग्य घोषणाएं की गई है. जिसमें राजकमल के रेल्वे ब्रिज नवनिर्माण हेतु 126 करोड का प्रावधान कर दिया गया है. शहरवासियों के लिए बडा सुकून देने वाला यह समाचार विधायक सुलभा संजय खोडके ने दिया. उन्होंने बताया कि, उसी प्रकार सीएम ने महान संत गाडगे बाबा के जन्मभूमि, कर्मभूमि और समाधीस्थल को तीर्थक्षेत्र सर्किट के रुप में विकसित करने की बडी घोषणा का समावेश है. मुख्यमंत्री ने अमरावती में शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों को एक छत के नीचे लाने की यहां के जनप्रतिनिधियों की मांग भी स्वीकार कर ली और बजट में पंजाबराव देशमुख शिक्षा संकुल का ऐलान कर दिया. उन्होंने सदन को बताया कि, अमरावती विमानतल का और विस्तार किया जाएगा. इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरु कर दी गई है. विमानतल पर शीघ्र नाइट लैंडिंग और टेक ऑफ की सुविधा भी होगी, इस प्रकार की जानकारी सीएम ने सदन को देने की जानकारी भी विधायक खोडके ने देते हुए मुख्यमंत्री के प्रति अमरावती जिले के विकास हेतु किये गये प्रावधानों के लिए आभार व्यक्त किया.
उल्लेखनीय है कि, अमरावती की विधायक सुलभा खोडके ने शिक्षा महकमें के सभी कार्यालय विद्यार्थियों, अध्यापकों, अभिभावकों तथा अधिकारियों व स्टॉफ की सुविधार्थ एक ही छत के नीचे लाने की मांग करते हुए शिक्षा महर्षी भाउसाहब पंजाबराव देशमुख शिक्षा संकुल बनाए जाने की मांग की थी. इस मांग के अनुरुप सीएम ने बजट भाषण में शिक्षा संकुल बनाने का ऐलान कर दिया. उसी प्रकार अमरावती के महान संत गाडगे बाबा के तीनों स्थानों जन्मभूमि, कर्मभूमि और अमरावती की निर्वाण भूमि का तीर्थक्षेत्र सर्किट स्थापित करने और उसका विकास करने की बडी घोषणा सदन में की.
मुख्यमंत्री ने राजकमल ब्रिज के लिए 125 करोड 37 लाख का प्रावधान कर देने के कारण विधायक सुलभा संजय खोडके ने सीएम का आभार भी व्यक्त किया. उल्लेखनीय है कि, राजकमल ब्रिज 6 महीने से बंद पडा है. उसका नया निर्माण का काम भी शुरु नहीं किया गया है. जिससे अमरावती के लोगों की चिंता को विधायक सुलभा खोडके ने सदन में उपस्थित किया था. उनकी अपेक्षा के अनुरुप ब्रिज नवनिर्माण हेतु 125 करोड का प्रावधान कर दिया गया है.
सीएम फडणवीस ने अमरावती विमानतल के विस्तार और यात्री सुविधाएं बढाने का भी कार्य जारी रहने की जानकारी सदन को दी. उन्होंने बताया कि, मिशन लक्ष्यभेद अंतर्गत अमरावती में संभाग स्तर पर 86 खेल केंद्र विकसित किये जाएंगे. उसी प्रकार यहां के औद्योगिक विकास के लिए भी प्रयत्न हो रहे है. यहां पीएम मित्र और अन्य औद्योगिक क्षेत्र में बडे निवेश एवं उद्यम स्थापना के लिए शीघ्र अनुबंध हो रहे हैं.





