तू मुझे क्या देगी, महिला कर्मी से मांग
कल्याण-डोंबिवली मनपा में घटना

कल्याण-डोंबिवली/दि.3 – कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका में हाल ही में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. ‘सेटलमेंट’ के नाम पर एक महिला कर्मचारी से वरिष्ठ ने शारीरिक संबंध की मांग की थी. डोंबिवली के सावलाराम क्रीडा संकुल के वरिष्ठ लिपिक भूषण पाटील पर मामला दर्ज होने के बाद अब पालिका ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है. वरिष्ठों के पास शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आखिरकार महिला कर्मचारी ने मानपाडा पुलिस स्टेशन में भूषण पाटील के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इस घटना ने कल्याण मनपा में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामला दर्ज होने के बाद कार्रवाई क्यों की गई? ऐसा नाराज महिला कर्मचारियों ने सवाल उठाया है. नौकरी से निकालने की धमकी देकर भूषण पाटील ने इस महिला कर्मचारी से शारीरिक संबंध की मांग की थी.
मामला दर्ज होने के बाद पालिका ने भूषण पाटील को निलंबित कर दिया है. यह घटना चुनाव के दौरान हुई थी. राज्य की अन्य महानगर पालिकाओं की तरह 15 जनवरी को मतदान और 16 जनवरी को मतगणना हुई. पीड़ित महिला को सावित्रीबाई फुले कलामंदिर में शुरू की गई एक खिडकी योजना के स्थान पर आवक-जावक रजिस्टर भरने का काम दिया गया था. 17 जनवरी को भूषण पाटील और पीड़ित महिला कर्मचारी के बीच विवाद हुआ था. उस समय भूषण पाटील ने उसे काफी डांटा था.
उसके बाद तीन दिन बाद 20 जनवरी को भूषण पाटील ने रात आठ बजे के आसपास पीड़ित महिला कर्मचारी को व्हाट्सएप कॉल किया. उस समय भूषण पाटील ने पीड़ित महिला से कहा कि, तुम्हारे साथ एक और को नौकरी से निकालने का आदेश वरिष्ठों ने मुझे दिया है. उसने मुझसे सेटलमेंट कर लिया है. तुम मुझे क्या दोगी?. उस समय महिला ने कहा कि मैं चॉकलेट दूंगी. उस पर भूषण पाटील ने उससे कहा कि मुझे तुमसे शारीरिक संबंध चाहिए. उसके बाद उसने यह बात अपने वरिष्ठों को बताई. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से आखिरकार वह मानपाडा पुलिस स्टेशन गई. वहां मामला दर्ज होने के बाद मनपा ने भूषण पाटील को निलंबित कर दिया.





