वे दो पायलट अब कहाँ है?

बारामती विमान हादसे पर उठे नए सवाल

अकोला/दि.20 – राज्य के उपमुख्यमंत्री रहे दिवंगत नेता अजित पवार के 28 जनवरी को हुए विमान हादसे की जांच जारी है, लेकिन इस बीच मामले पर नए सवाल खड़े हो गए हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक अमोल मिटकरी ने पहले से नियुक्त दो पायलटों को लेकर गंभीर शंका व्यक्त की है. मिटकरी ने कहा कि अजित पवार के विमान के लिए पहले साहिल मदन और यश नामक दो पायलट नियुक्त थे. उन्होंने सवाल उठाया कि हादसे वाले दिन वे कहाँ थे और अब कहाँ हैं? उन्होंने कहा, हमें सिर्फ इतनी जानकारी मिल जाए, ब्लैक बॉक्स का डेटा बाद में भी मिल सकता है.
* ब्लैक बॉक्स को लेकर भी सवाल
केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय के अनुसार दुर्घटना के दौरान विमान के दोनों फ्लाइट रिकॉर्डर तेज गर्मी के संपर्क में आने से क्षतिग्रस्त हो गए. इस पर मिटकरी ने सवाल उठाया कि विमान की पूंछ में सुरक्षित रहने वाला ब्लैक बॉक्स आखिर जल कैसे गया?
* पहले भी उठाए थे कई मुद्दे
विधायक ने इससे पहले भी कई सवाल उठाए थे और जानना चाहा था कि, आखिरी समय पर पायलट क्यों बदले गए, विमान का चयन किस आधार पर किया गया, निलंबन की कार्रवाई झेल चुके पायलट सुमित कपूर की नियुक्ति किसने की?
* जांच रिपोर्ट का इंतजार
लगातार उठ रहे सवालों से मामले को लेकर संदेह गहराता जा रहा है. अब पूरी सच्चाई जांच एजेंसियों की रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आने की संभावना है.

Back to top button