राष्ट्रवादी कांग्रेस में ‘भाजपा के लोग’ कौन?
पूर्व मंत्री बच्चू कडू के आरोपों से लगाए जा रहे राजनीतिक कयास

अमरावती/दि.21 – महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. किसान नेता व प्रहार जनशक्ति पार्टी प्रमुख बच्चू कडू ने दावा किया है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के भीतर ही भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कुछ लोग मौजूद हैं, जो अंदर से पार्टी को कमजोर कर रहे हैं. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.
* आरोप के केंद्र में कौन?
विदर्भ क्षेत्र की राजनीति पर नजर डालें तो राजकुमार बडोले का नाम प्रमुखता से सामने आता है. वे गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. पहले भाजपा में रहे और 2014-2019 के दौरान मंत्री भी रहे. बाद में राष्ट्रवादी के टिकट पर चुनाव लड़कर विधायक बने. यही कारण है कि कडू के बयान को उनके संदर्भ में देखा जा रहा है और पार्टी कौन, निष्ठा किसके साथ? सवाल उठने लगे हैं.
* राजनीतिक पृष्ठभूमि भी अहम
राज्य की राजनीति में दल बदल और नई समीकरण कोई नई बात नहीं है. एकनाथ शिंदे की बगावत और बदलते गठबंधन के बाद कई नेताओं की राजनीतिक भूमिकाएं बदली हैं. वहीं अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी अब सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा है, जिससे भाजपा की भूमिका और प्रभाव स्वाभाविक रूप से बढ़ा हुआ माना जा रहा है.
* रणनीति या केवल राजनीतिक बयान?
विश्लेषकों के अनुसार यह केवल आरोप नहीं बल्कि भविष्य की राजनीतिक दिशा का संकेत भी हो सकता है. महाराष्ट्र में कई नेता पहले एक दल में रहकर बाद में दूसरे दल में प्रभावी भूमिका निभाते रहे हैं, उदाहरण के तौर पर नाना पटोले. इसी वजह से सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या यह महज राजनीतिक बयानबाजी है या आने वाले सत्ता समीकरणों की भूमिका तैयार की जा रही है. फिलहाल कडू के बयान ने महायुति के भीतर भी चर्चा बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और तेज होने की संभावना है.





