अमरावती सहित पूरे विदर्भ में भाजपा को बनाएंगे मजबूत

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण पोटे पाटिल ने किया दावा

* सभी असंतुष्टों की नाराजगी दूर कर ‘घर वापसी’ कराने की बात भी कही
* खुद को बडी जिम्मेदारी देने हेतु सीएम फडणवीस, प्रदेशाध्यक्ष चव्हाण व पालकमंत्री बावनकुले के प्रति जताया आभार
* अमरावती शहर व जिले में पार्टी को दुबारा ‘नंबर-1’ बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया
अमरावती/दि.24 – भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण द्वारा आज भाजपा प्रदेश कार्यकरिणी की घोषणा की गई और पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर जानकारी भी दी गई. जिसके तहत अमरावती जिले से वास्ता रखनेवाले पूर्व राज्यमंत्री प्रवीण पोटे पाटिल को पार्टी द्वारा बडी जिम्मेदारी देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. जिसके उपरांत दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष तौर पर बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल ने कहा कि, सबसे पहले तो वे राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण एवं राजस्व मंत्री व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के प्रति बेहद आभारी है. जिन्होंने उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल करने के साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी. ऐसे में वे खुद पर सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरा करने का अपनी ओर से भरसक प्रयास करेंगे. साथ ही अमरावती शहर व जिले में भाजपा को एक बार फिर नंबर-1 बनाते हुए समूचे विदर्भ क्षेत्र में पार्टी को संगठनात्मक रुप से मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता में शामिल रहेगा.
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त होने के उपरांत सबसे पहले दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष तौर पर बात करते हुए पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल ने कहा कि, संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के सम्मान और समन्वय के बल पर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा. इसके साथ ही पूर्व मंत्री पोटे पाटिल ने कहा कि विदर्भ भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है, लेकिन कुछ स्थानों पर संगठनात्मक समन्वय की आवश्यकता है. वे स्वयं प्रत्येक जिले में दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और जो भी असंतुष्ट हैं, उनकी नाराजगी दूर कर उन्हें पुनः पार्टी की मुख्यधारा में लाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने इसे ‘घर वापसी अभियान’ का स्वरूप देने की भी बात कही.
साथ ही साथ पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल ने संकल्प व्यक्त किया कि अमरावती शहर और जिले में भाजपा को पुनः ‘नंबर-1’ की स्थिति में लाया जाएगा. इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं अन्य प्रकोष्ठों को सशक्त किया जाएगा तथा आगामी चुनावों की दृष्टि से रणनीतिक तैयारी की जाएगी. पोटे पाटिल ने कहा कि भाजपा की विचारधारा, विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं के आधार पर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है. संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता से अमरावती सहित पूरे विदर्भ में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी. उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के सम्मान और बूथ स्तर तक सशक्त ढांचे के माध्यम से पार्टी को पुनः शीर्ष स्थान पर स्थापित किया जाएगा.

* असंतुष्टों को मनाने का अभियान
नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण पोटे पाटिल ने इस बातचीत में स्वीकार किया कि पिछले कुछ समय में संगठन के भीतर कुछ असंतोष की स्थितियां बनी थीं. उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ और जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी नाराजगी दूर की जाएगी. जो साथी किसी कारणवश दूर हो गए हैं, उन्हें सम्मानपूर्वक वापस लाया जाएगा. भाजपा परिवार बड़ा है और सबको साथ लेकर चलना हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने संकेत दिया कि जिलेवार बैठकों का दौर जल्द शुरू होगा, जिसमें पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से खुलकर चर्चा की जाएगी.

* अमरावती में पार्टी को दिलाया जाएगा गत वैभव
इस बातचीत में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण पोटे पाटिल ने विशेष रूप से अमरावती शहर और जिले का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां भाजपा का मजबूत आधार रहा है और उसे फिर से सशक्त बनाना उनका संकल्प है. उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ समितियों का पुनर्गठन, सक्रिय सदस्यता अभियान और युवा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देना प्राथमिकता में रहेगा. उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा और अन्य प्रकोष्ठों को सक्रिय कर संगठन को गतिशील बनाया जाएगा. हम केवल चुनावी संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ा संगठन बनना चाहते हैं.

* विकास और जनसंपर्क पर फोकस
पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल ने कहा कि भाजपा की पहचान विकास, पारदर्शिता और जनहितकारी योजनाओं से जुड़ी है. राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना भी संगठन की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि गांव-गांव और वार्ड-वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा. उन्होंने बताया कि विदर्भ के प्रत्येक जिले में संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की जाएगी. जहां पार्टी कमजोर है, वहां विशेष अभियान चलाया जाएगा और जहां मजबूत है, वहां उसे और सुदृढ़ किया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए जनता के बीच विश्वास का वातावरण तैयार किया जाएगा. इस बातचीत के अंत में पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा ही उसकी असली ताकत है. एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के बल पर अमरावती सहित पूरे विदर्भ में भाजपा को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया.

Back to top button