महिला के साथ मारपीट कर सोने की चेन छीनी

दो आरोपियों पर मामला दर्ज

चांदुर बाजार/दि.7 – चांदुर बाजार थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट और छेडछाड कर सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है. उक्त महिला की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुनीता धनराज इंगले (45, चांदुर बाजार) ने शिकायत दर्ज कराई है. यह घटना गुरुवार को रात करीब 10 बजे पांढरी विहीर इलाके में हुई. शिकायत के अनुसार उस समय महिला का बेटा घर के सामने गिट्टी को साइड कर रहा था, तभी आरोपी वैभव अंबादास नवलकर (30) और अंबादास नवलकर (62, तुलजापुर गढी) वहां पहुंचे और महिला के बेटे से गाली-गलौज करते हुए उसका वीडियो बनाने लगे. जब बेटे ने वीडियो बनाने से मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से उसकी पिटाई कर दी. मारपीट की घटना को देखकर महिला बीच-बचाव करने पहुंची, तब आरोपियों ने महिला के दाहिने हाथ पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया. इसके बाद महिला के साथ अभद्रता की और उसके गले में पहनी करीब 10 ग्राम सोने की चेन जबरन खींचकर फरार हो गए. पीडिता की शिकायत पर चांदुर बाजार पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी.

Back to top button