ट्रैक्टर की टक्कर में महिला की मौत
धारणी तहसील के बांगदा मार्ग की घटना

धारणी/दि.24 – धारणी थाना क्षेत्र के बेरदाभरू के बांगदा मार्ग पर रविवार को सुबह 11 बजे के दौरान हुई भीषण दुर्घटना में एक महिला की मृत्यु हो गई. मृतक महिला का नाम मध्यप्रदेश के चाकरा ग्राम निवासी मीरा राधेश्याम कासदेकर (45) हैं.
जानकारी के मुताबिक मीरा कासदेकर नामक महिला श्रीराम काजले के साथ दुपहिया वाहन क्रमांक एमपी 68- जेडी – 5646 पर सवार होकर बांगदा में रिश्तेदार के यहां निजी काम से गई थी. काम पूरा होने के बाद वापस मध्यप्रदेश की और लौटते समय सामने से आ रहे बिना नंबर के ट्रैक्टर चालक ने अपनी गाडी लापरवाही से चलाते हुए दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में मीरा कासदेकर ट्रैक्टर के चपेट में आ गई और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि महिला का सीर पूरी तरह कुचला गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. नागरिकों ने एंबुलंस बुलाकर शव कलमखार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से धारणी उपजिला अस्पताल पहुंचाया.घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस निरीक्षक संदीप पाटिल, पुलिस उपनिरीक्षक सतीश झाल्टे, पीएसआई अनंत हंकारे सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. हादसे के बाद फरार हुए ट्रैक्टर चालक की पुलिस ने तुरंत तलाश कर आरोपी चालक भारत जावरकर (निवासी बेरदाभरू) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आगे की जांच कर रही हैं. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर देखी जा रही हैं.