चित्रा चौक से वलगांव रोड फ्लाईओवर के काम का हुआ मुआयना
कांग्रेस नेताओं सहित निर्माण विभाग के अधिकारियों ने किया निरीक्षण

अमरावती/दि.9 – अमरावती मनपा क्षेत्र में विगत कई वर्षों से प्रलंबित पडे रहनेवाले चित्रा चौक से वलगांव रोड फ्लाईओवर के कामकाज का आज कांग्रेस नेताओं एवं लोकनिर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रुप से मुआयना किया गया. इस समय पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं को उडानपुल के फिलहाल जारी काम की जानकारी देने के साथ-साथ काम को पूरा करने हेतु लगनेवाले समय के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी.
पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख, मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले, कांग्रेस के शहराध्यक्ष व मनपा पार्षद बबलू शेखावत, पूर्व महापौर व स्वीकृत पार्षद मिलिंद चिमोटे द्वारा सार्वजनिक लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता रावबहाद्दूर पाटिल, कार्यकारी अभियंता प्रतीक गिरी व उपअभियंता तुषार काले के साथ आज चित्रा चौक-वलगांव रोड फ्लाईओवर का निरीक्षण किया गया. इस समय शहर कांग्रेस कमिटी के हाजी नजीरखान बीके, गुड्डू हमीद, सादिक शाह, अब्दुल रफिक, अफजल चौधरी, नसीम खान पप्पू, निसार खान जेके, जावेद साबीर, अब्दुल अजीम, इसरार आलम, सोनू शाह, अक्रम अली, अब्दुल तालिब, डॉ. नावेद पटेल व हुसैन खान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य उपस्थित थे.
उल्लेखनीय है कि, पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख ने विधायक रहने के दौरान अमरावती शहर के पूर्वी एवं पश्चिमी क्षेत्र को जोडने हेतु चित्रा चौक से नागपुरी गेट एवं वलगांव रोड की ओर आने-जाने के लिए फ्लाईओवर के निर्माण हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार से मंजूरी दिलाते हुए पूरी प्रक्रिया को पूर्ण कराया था. परंतु आगे चलकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा इस काम की ओर कोई ध्यान भी नहीं दिया गया. जिसके चलते इस फ्लाईओवर का काम विगत सात वर्षों से अधर में लटका पडा है और पश्चिमी क्षेत्र के नागरिकों को शहर में आने-जाने के लिए काफी समस्याओं व दिक्कतों का सामना करना पड रहा है. साथ ही साथ इतवारा बाजार में रोजाना ही बडे पैमाने पर ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा होती है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख ने मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ में जनहित याचिका दायर की थी. जिस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सरकार को कडे निर्देश दिए थे. जिसके चलते सरकार ने 31 दिसंबर से पहले उडानपुल का काम पूरा करने का हलफनामा भी दाखिल किया था. लेकिन इसके बावजूद भी उडानपुल का काम अधूरा ही पडा रहा. जिस पर पूर्व मंत्री डॉ. देशमुख ने तीव्र नाराजी जताई थी.
पूर्व मंत्री डॉ. देशमुख द्वारा आज कांग्रेस पदाधिकारियों एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ किए गए मुआयने के दौरान यद्यपि उडानपुल का काम प्रगतिपथ पर दिखाई दिया, परंतु हाईकोर्ट द्वारा तय की गई कालावधि में यह काम पूरा होने की कोई संभावना नहीं रहने की बात भी स्पष्ट हुई. जिसकी ओर कांग्रेस नेताओं व पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान दिलाया. जिस पर संबंधित अधिकारियों ने काम को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया. जिस पर पूर्व मंत्री डॉ. देशमुख का कहना रहा कि, यह पुल केवल एक निर्माण कार्य नहीं है, बल्कि यह अमरावती शहर के विकास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. ऐसे में पश्चिमी क्षेत्र के लाखों नागरिकों की सुविधा के लिहाज से इस पुल का काम जल्द से जल्द पूरा होने के लिए हम सतत प्रयासरत है. इस समय मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले तथा कांग्रेस के शहराध्यक्ष व पार्षद बबलू शेखावत ने उडानपुल के निर्माण को गतिमान करने की मांग करते हुए आधे-अधूरे निर्माण कार्य की वजह से परिसरवासियों को हो रही तकलिफों की ओर ध्यान दिलाया.





