सडक किनारे भोजन कर रहे मजदूरों को ट्रक ने कुचला
दो की मौके पर मौत, तीन घायल, समृद्धि एक्सप्रेस-वे की घटना

* तेज रफ्तार ट्रक ने जेसीबी को मारी थी टक्कर
छत्रपति संभाजीनगर./दि.6 – समृद्धी महामार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां सीसीटीवी लगाने का काम कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार छत्रपति संभाजीनगर के पास समृद्धी महामार्ग के 406वें पॉइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम चल रहा था. दोपहर के समय कुछ मजदूर पास में खड़ी जेसीबी मशीन के पास बैठकर खाना खा रहे थे. उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और जेसीबी तथा वहां मौजूद मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. हादसे में दो मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और महामार्ग सुरक्षा दल मौके पर पहुंच गए. घायलों को तत्काल उपचार के लिए छत्रपति संभाजीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. फिलहाल मृतकों की पहचान अभी तक सामने नहीं आ सकी है. पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. इस दुर्घटना के बाद एक बार फिर समृद्धि एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.





