हां, मेरी हादसे से पहले दादा से फोन पर बात हुई थी

प्रफुल पटेल का जवाब, रोहित पवार के आरोपों पर बोले - सबूत आने दो

मुंबई /दि.18- महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचाने वाले बयान के बाद अब प्रतिक्रिया सामने आई है. राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रफुल पटेल ने स्वीकार किया है कि हादसे से पहले उनकी अजित पवार से फोन पर बात हुई थी. हालांकि उन्होंने इसे पूरी तरह सामान्य बातचीत बताया. पटेल ने कहा कि उन्होंने किसानों के धान भुगतान (चुकारा) के मुद्दे पर फोन किया था और अजित पवार ने आश्वासन दिया था कि भुगतान की व्यवस्था कर दी जाएगी.
बता दें कि, शरद पवार गुट वाली राकांपा के नेता व विधायक रोहित पवार ने दावा किया था कि दुर्घटना से पहले अजीत पवार को विदर्भ के एक नेता का फोन गया था. साथ ही विधायक रोहित पवार ने उक्त हवाई हादसे को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए यहां तक आरोप लगाया कि विमान दुर्घटना संदिग्ध है और पायलट की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए. ऐसे में आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रफुल पटेल ने कहा कि, मैं लंबे समय से राजनीति में हूं, जिम्मेदार व्यक्ति हूं. जब तक मेरे पास ठोस सबूत नहीं होंगे, मैं किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाऊंगा. पटेल ने बताया कि इस हादसे को लेकर कई शंकाएं व्यक्त की जा रही हैं, इसलिए मामले की केंद्रीय एजेंसी से जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर सीबीआई जांच की मांग की गई है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके.

* सांसद अमोल कोल्हे हो सकते थे एकीकृत राकांपा के प्रदेशाध्यक्ष
यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि, विधायक रोहित पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस के संभावित एकीकरण की चर्चाओं पर भी पत्रवार्ता के दौरान टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद इस विषय पर बोलना उचित नहीं, लेकिन दोनों गुटों के एक साथ आने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में जारी है. साथ ही विधायक पवार ने दावा किया कि, राकांपा के दोनों गुटों के एक साथ आने के बाद नया प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया जाना था. जिसके लिए अजीत दादा के मन में सांसद डॉ. अमोल कोल्हे का नाम था. यही वजह है कि, सांसद डॉ. कोल्हे पार्टी की कई महत्वपूर्ण बैठकों में भी शामिल थे. परंतु अजीत दादा का आकस्मिक निधन हो जाने के चलते अब इस विषय पर बात करने का कोई फायदा नहीं है.

Back to top button