बुलढाणा में युवा किसान की मौत, नहर में मिला शव

आत्महत्या की आशंका

बुलढाणा/दि.21 – बुलढाणा जिले में तीन दिनों से लापता एक 24 वर्षीय युवा किसान का शव शनिवार सुबह नहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान सागर कचरूबा जोहारे (निवासी भरोसा, तहसील चिखली) के रूप में हुई है. वह 19 फरवरी को खेत में फसल को पानी देने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा. परिवार और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की तथा पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी.
* तीन दिन बाद नहर में मिला शव
शनिवार सुबह खेतों की ओर जा रहे कुछ किसानों को खडकपूर्णा प्रकल्प की जय सेवालाल महाराज पाट (नहर) में जाली से फंसा शव दिखाई दिया. सूचना मिलते ही अंढेरा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए चिखली उपजिला अस्पताल भेजा गया है. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. पुलिस निरीक्षक के मार्गदर्शन में आगे की जांच जारी है.

Back to top button