मामूली विवाद पर छोटे भाई को उतारा मौत के घाट

सबूत नष्ट करने शव जलाकर राख नदी में बहा दी

* बुलढाणा जिले के राहुड गांव की घटना
* दो आरोपी गिरफ्तार
बुलढाणा/ दि.27- आज के स्वार्थी युग में मनुष्य को इंसानीयत, रिश्ते की भी परवाह नहीं रही है. मामूली कारण पर से मनुष्य किसी का भी गला काटने तैयार है. ,खामगांव तहसील के राहुड गांव में घटित भीषण घटनाक्रम में यह उदाहरण देखने मिला. मामूली पारिवारिक विवाद में बडे भाई ने छोटे भाई की निर्मम हत्या कर शव जला डाला और सबूत नष्ट करने के लिए राख पूर्णा नदी में बहा दी. यह घटना प्रकाश में आने के बाद संपूर्ण परिसर में खलबली मच गई है. अपने स्वार्थ के लिए अपने ही सगे भाई की सुनियोजित हत्या करनेवाले इस नराधम भाई को पींपल गांव राजा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस क्रूर कृत्य में उसे सहयोग करनेवाले दोस्त को भी गिरफ्तार किया गया है. मृतक युवक का नाम चेतन संजय इंगले (35) है. जबकि आरोपी भाई का नाम रोशन संजय इंगले (36) है और उसके गिरफ्तार साथी का नाम रवि राउत (35) है.
जानकारी के मुताबिक मृतक चेतन इंगले और उसके बडे भाई रोशन इंगले के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार विवाद शुरू था. आरोपी रोशन को शराब की लत थी. चेतन खेती में व्यस्त था और वह शांत स्वभाव के लिए गांव में पहचाना जाता था. शराब के नशे मेें रोशन अनेक बार मारपीट करता था. इसके अलावा चेतन के चरित्र पर संदेह करने से दोनों भाईयों में विवाद और बढ गया था. चेतन अचानक गांव में न दिखाई देने से राहुड के पुलिस पाटिल विलास बनसोडे ने पीपंल गांव राजा थाने में चेतन के लापता होने की शिकायत दर्ज की. थानेदार भागवत मुलिक ने तत्काल एक विशेष दल तैयार कर खोज अभियान शुरू किया. लेकिन चेतन का कहीं पता नहीं चला. इस कारण उसके भाई रोशन से कडी पूछताछ की गई. समाधान कारक जवाब न मिलने से पुलिस का संदेह और बढ गया. आखिरकार पूछताछ मेें रोशन ने अपराध की कबूली दी. 25 फरवरी को दोपहर 12 से 1 बजे के दौरान गांव के पास स्थित खेत में चेतन के सिर पर लोहे के रॉड से वार कर उसकी हत्या किए जाने की जानकारी दी. पश्चात अपने छोटे भाई का शव जलाकर येरली के पास के पूल पर से पूर्णा नदी में जलाए हुए अवशेष विसर्जित कर सबूत नष्ट करने का प्रयास किया. इस कारण जांच के लिए पुलिस ने खामगोव से फॉरेन्सिक दल और अकोला से डॉग स्क्वॉड को घटनास्थल बुलाया. डॉग स्क्वॉड की सहायता से पुलिस को मनुष्य के अवशेष मिले. जांच के दौरान मुख्य आरोपी रोशन इंगले और उसके साथी खामगांव निवासी रवि राउत को गिरफ्तार किया गया. घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रेणीक लोढा व उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रदीप पाटिल ने भी भेंट दी. आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड में और भी आरोपियों का समावेश रहने की बात से इंकार नहीं किया जा सकता. मामले की जांच पिंपलगांव राजा पुलिस आगे कर रही है.

Back to top button