पुराने विवाद पर युवक पर चाकू से हमला
नागपुरी गेट थाना क्षेंत्र के कमेला ग्राउंड की घटना

* संदिग्ध तौसिफ और सोनू की तलाश जारी
अमरावती/दि.24- अमरावती शहर के नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में आनेवाले कमेला ग्राउंड के पास पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. यह घटना सोमवार 23 मार्च की रात 8.30 बजे के दौरान घटित हुई. इस घटना से परिसर में दहशत का वातावरण निर्माण हो गया हैं. हमले में घायल युवक का नाम शेख ऐफाज शेख सलीम 35 हैं. जबकि आरोपियों के नाम तौसिफ और सोनू बताए जाते हैं.
जानकारी के मुताबिक जख्मी शेख ऐफाज और तौसिफ के बीच पिछले कुछ समय से रंजिश शुरू थी. शेख ऐफाज की कमेला ग्राउंड में मटन की दुकान हैं. उसकी दुकान पर सोमवार की रात एक महिला मटन लाने के लिए गई थी, तब शेख ऐफाज की दुकान पर तोसिफ और सोनू पहुंचे. उन्होंने ऐफाज की दुकान पर मटन लेने आई महिला के साथ गालीगलौच शुरू कर दी. तब शेख ऐफाज ने महिला से गालीगलौच न करने कहा. इस बात पर से तौसिफ और सोनू ने शेख ऐफाज के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस मारपीट के दौरान तौसीफ ने जेब से चाकू निकालकर शेख ऐफाज पर हमला कर दिया. इस हमले में शेख ऐफाज गंभीर रूप से घायल हो गया. शेख ऐफाज की जख्मी अवस्था देख उसका दोस्त बचाने के लिए दौडा. घटना के समय परिसर में काफी अफरातफरी मच गई थी. नागरिकों ने जख्मी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कर घटना की जानकारी नागपुरी गेट पुलिस को दी. हमले के बाद दोनों आरोपी वहां से भाग गए. पूरानी रंजिश के चलते यह हमला होने की जानकारी पुलिस ने दी हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118 (1), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मियों से तलाश शुरू कर दी हैं. इस घटना से परिसर में दहशत का वातावरण निर्माण हो गया हैं. जख्मी शेख ऐफाज ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप किया है कि मारपीट के दौरान उसके गले की सोने की चैन भी वहां गिर गई थी.





