तिवसा में चाकू से युवक की निर्मम हत्या, हाईवे किनारे मिला शव
आईआरबी ट्रक ले-बाय परिसर में वारदात, साथी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश

तिवसा/दि.20 – तिवसा पुलिस थाना क्षेत्र के भारवाड़ी स्थित वर्धा पुल के पास हाईवे किनारे एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. आईआरबी के ट्रक ले-बाय परिसर में खून से लथपथ हालत में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात के समय दो व्यक्ति हाईवे के पास आनंद बार परिसर के नजदीक सोए हुए थे. सुबह वहां तैनात चौकीदार ने एक युवक को मृत अवस्था में देखा. उसके शरीर पर चाकू के कई वार के निशान थे और घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद हुआ है.
बताया जा रहा है कि मृतक के साथ मौजूद उसका साथी घटना के बाद मौके से फरार हो गया. पुलिस को आशंका है कि दोनों के बीच किसी विवाद के बाद हत्या की वारदात हुई हो सकती है. पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. मामले की आगे की जांच तिवसा पुलिस द्वारा जारी है.
* मृतक की पहचान अब तक नहीं
मृत युवक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है.





