आईपीएल पर ऑनलाइन सट्टा खेलता धरा गया युवक
क्राईम ब्रांच ने लिया हिरासत में

अमरावती/दि.9 – गत रोज आईपीएल क्रिकेट टुर्नामेंट के तहत दिल्ली कैपिटल्स एवं गुजरात टायटन्स के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मुकाबले के दौरान इस मैच पर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेल रहे गिरीश संजय दादलानी (20, कलोती नगर, सराफ लेआऊट) नामक युवक को अपराध शाखा के दल ने गिरफ्तार किया. जिसके पास से आईफोन-11 मोबाइल भी बरामद किया गया. जिसमें क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा खेलने हेतु एक एप डाउनलोड पाया गया.
इस संदर्भ में पता चला कि, दिल्ली व गुजरात की टीमों के बीच खेले जा रहे आईपीएल मुकाबले के दौरान दस्तुर नगर स्थित मनपा उद्यान के सामने एक युवक मोबाइल फोन के जरिए लोगों को एक एप की लिंक देकर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है, ऐसी जानकारी मुखबिरों के जरिए अपराध शाखा के पीआई संदीप चव्हाण को मिली थी. जिसके बाद अपराध शाखा के दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और गिरीश दादलानी को गिरफ्तार किया. जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से आईफोन-11 कंपनी का लाल रंग वाला मोबाइल बरामद हुआ. जिसमें क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा खेलने हेतु बनाया गया एक गैरकानूनी एप भी डाउनलोड था. जिसके जरिए अन्य लोगों को आईडी बनाकर देते हुए गिरीश दादलानी क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा था. यह देखते ही अपराध शाखा के दल ने गिरीश दादलानी को हिरासत में लेते हुए उसे फ्रेजरपुरा पुलिस के हवाले किया गया. जहां पर उसके खिलाफ बीएनएस सहित महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे, श्याम घुगे व रमेश धुमाल, सहायक पुलिस आयुक्त शिवाजी बचाटे के मार्गदर्शन तथा अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में पीएसआई गजानन सोनुने, पोहेकां दीपक सुंदरकर, सुनील लासूरकर, जहीर शेख, सचिन बहाले, नापोकां अतुल संभे, पोकां सूरज चव्हाण, राजीक रायलीवाले व योगेश पवार के पथक द्वारा की गई.





