चलती अंबा एक्सप्रेस से टकराकर युवक की मौत
लोको पायलट ने किया घटना का खुलासा

* हत्या की आशंका पर जिला अस्पताल में हंगामा
अमरावती/दि.23 – शहर के राजापेठ थाना क्षेत्र में बडनेरा रोड स्थित रघुवीर होटल के पीछे रेलवे पटरी पर एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान दसरा मैदान झोपडपट्टी निवासी शिवा राजू सरकारे (24) के रूप में हुई हैं. हालांकि घटना सामने आते ही मृतक के परिजनों ने इस घटना को हत्या बताकर अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया था. जिसे लेकर अस्पताल में पुलिस का कडा बंदोबस्त लगाना पडा. लेकिन रेलवे के लोको पायलट द्बारा दिए गए खुलासे के पश्चात साफ हुआ कि यह हत्या नहीं, बल्कि एक दुर्घटना हैं.
जानकारी के मुताबिक रविवार 22 मार्च की शाम करीब 7 बजे रोजाना की तरह अपने निर्धारित समय पर अमरावती रेलवे स्टेशन से अंबा एक्सप्रेस मुंबई के लिए रवाना हुई थी. कुछ ही देर बाद लोको पायलट द्बारा रेलवे प्रशासन को भेजे गए मेमो में स्पष्ट किया गया कि एक युवक अचानक ट्रेन के सामने आ गया, जिससे वह चलती ट्रेन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना में युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई. हालांकि यह जानकारी पुलिस तक पहुंचना बाकी थी.
वहीं दूसरी ओर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जिला अस्पताल में हंगामा किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए राजापेठ कोतवाली पुलिस थाना के अधिकारी-कर्मचारी तथा कमांडो पुलिस का बंदोबस्त अस्पताल परिसर में लगाया गया. इस दौरान अस्पताल में मृतक के परिजनों और परिचितों की भीड बढती रही. हालांकि, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की किसी ने हत्या नहीं की, बल्कि वह स्वयं ट्रेन के सामने आने से हादसे का शिकार हुआ. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. राजापेठ पुलिस मामले की आगे जांच कर रही हैं.





