शराब के कारण उपजे विवाद में युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
राजापेठ थाना क्षेत्र के शीशा बार की गत रात की घटना

* मृतक युवक गोपाल नगर का रहनेवाला, जबकि आरोपी तिवसा तहसील का
* क्राईम ब्रांच की कार्रवाई
अमरावती/दि.26 – शराब पीने के कारण पर से उपजे विवाद के चलते एक 30 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद आरोपी युवक वहां से फरार हो गया था. लेकिन क्राईम ब्रांच के दल ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया. मृतक युवक का नाम गोपाल नगर निवासी शुभम किशोर ठाकरे है. जबकि गिरफ्तार आरोपी का नाम तिवसा तहसील के दापोरी खुर्द निवासी अनूप दीपकराव पांडे (41) है. यह सनसनीखेज घटना राजापेठ थाना क्षेत्र में आनेवाले शीशा बार के पास बुधवार 25 फरवरी की रात घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक गोपाल नगर निवासी शुभम ठाकरे यह बुधवार 25 फरवरी की रात दस्तुर नगर के एमआईडीसी रोड स्थित शीशा बार में शराब का सेवन करने के लिए गया था. इसी दौरान वहां पर शेरवानी पहना हुआ एक युवक भी पहुंचा. कुछ समय बाद रात 11.30 बजे के दौरान किसी बात को लेकर संतप्त हुए आरोपी युवक ने शुभम जिस टेबल पर बैठा था, वहां पहुंचकर शराब का ग्लास उठाकर फेंक दिया. इस बात पर से दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद इस कदर बढा कि, दोनों टेबल से उठकर काउंटर तक पहुंचे. वहां दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई. पश्चात शुभम बार के बाहर निकलते ही आरोपी युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में शुभम गंभीर रुप से घायल होकर नीचे गिर पडा. पश्चात आरोपी युवक अपनी दुपहिया पर सवार होकर वहां से फरार हो गया. जख्मी युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही राजापेठ पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. सहायक पुलिस आयुक्त कैलाश पुंडकर ने भी घटनास्थल भेंट दी. पश्चात वे जिला अस्पताल पहुंच गए. क्राईम ब्रांच के निरीक्षक संदीप चव्हाण का दल भी मौके पर पहुंच गया. पुलिस के पास आरोपी बाबत कोई भी जानकारी नहीं थी. पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरु कर दी.
* स्वस्तिक नगर से आरोपी को लिया कब्जे में
क्राईम ब्रांच के निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक मनीष वाकोडे, महेश इंगोले, अमोल कडू, उपनिरीक्षक गजानन सोनुने, हेड कांस्टेबल सुनील लासूरकर, फिरोज खान, सतीश देशमुख, दीपक सुंदरकर, गजानन ढेवले, मनोज ठोसर, आस्तिक देशमुख, जहीर शेख, सचिन बहाले, मंगेश लोखंडे, प्रशांत मोहोड, विकास गुडधे, अतुल संभे, मिर्झा नईम बेग, नाजीमुद्दीन सैयद, विशाल वाकपांजर, सागर ठाकरे, चेतन शर्मा, सूरज चव्हाण, रंजीत गावंडे, योगेश पवार, संदीप खंडारे, राहुल दुधे, राजीक रायलीवाले के दल ने परिसर के सीसीटीवी फूटेज आदि खंगालकर 6 घंटे के भीतर आरोपी अनूप दीपकराव पांडे (41) को स्वस्तिक नगर से गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से प्लेटीनम गाडी जब्त की गई है. यह आरोपी तिवसा तहसील के दापोरी खुर्द का रहनेवाला है. लेकिन वर्तमान में रह स्वस्तिक नगर के बावनकुले के मकान में किराए से रहता है. पुलिस ने उसे राजापेठ पुलिस के हवाले कर दिया. इस आरोपी ने बताया कि, शराब पीने के कारण पर से हुए विवाद में उसने शुभम ठाकरे की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.





