वायएसपी की शहर व जिला कार्यकारिणी बर्खास्त
महिला व पुरुष आघाडी सहित विविध समितियों को किया गया भंग

* राष्ट्रीय कार्यकारिणी की कोर कमिटी की बैठक में हुआ निर्णय
* जल्द होगी नए अध्यक्षों व पदाधिकारियों की नियुक्ति
अमरावती/दि.14 – युवा स्वाभिमान पार्टी की राष्ट्रीय कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक हाल ही में आयोजित की गई, जिसमें अमरावती शहर जिले की महिला व पुरुष आघाड़ी सहित विभिन्न समितियों के अध्यक्षों तथा पूरी कार्यकारिणी को निष्कासित करने का बड़ा निर्णय लिया गया. पार्टी संगठन को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है. बैठक में अमरावती शहर की सभी समितियों के अध्यक्षों तथा उनकी कार्यकारिणी को भंग करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि संगठन में बेहतर समन्वय, अनुशासन और कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ ही नए कार्यकर्ताओं को नेतृत्व का अवसर देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है. साथ ही बताया गया कि हाल ही में संपन्न अमरावती महानगरपालिका चुनाव में युवा स्वाभिमान पार्टी ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की थी. इस जीत में पार्टी के नगरसेवकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा. आगामी समय में नगरसेवकों और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक बदलाव करने का निर्णय लिया है. बैठक में यह भी तय किया गया कि अमरावती शहर के लिए जल्द ही नए शहर अध्यक्ष तथा विभिन्न समितियों के अध्यक्षों की घोषणा की जाएगी. तब तक पार्टी का समस्त कार्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा.
पार्टी के इस निर्णय से युवा स्वाभिमान पार्टी की संगठनात्मक संरचना में व्यापक परिवर्तन होने की संभावना जताई जा रही है. पार्टी नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि नए नेतृत्व के साथ संगठन और अधिक सक्रियता तथा मजबूती के साथ जनहित के मुद्दों पर कार्य करेगा. उल्लेखनीय है कि विधायक रवि राणा ने विद्यार्थियों, श्रमिकों और आम नागरिकों के मुद्दों को उठाने तथा उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने के उद्देश्य से युवा स्वाभिमान पार्टी की स्थापना की थी. पार्टी स्वयं को केवल एक संगठन नहीं बल्कि एक परिवार मानते हुए समाज के सभी वर्गों को न्याय दिलाने के लिए कार्य करती रही है.
राष्ट्रीय कोर कमिटी की बैठक में युवा स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीलकंठराव कात्रे, मार्गदर्शक सुनील राणा, जयंत वानखड़े, शैलेन्द्र कस्तुरे, संजय हिंगासपुरे, मनपा गटनेता ज्ञानेश्वर उर्फ नाना आमले, विनोद जायलवाल, डॉ. अजय गाडे, सुखदेव कावरे, दादाराव महल्ले, संजय मुणोत, एड. नंदेश अंबाडकर, मंगेश इंगोले, किशोर पिवाल, बबन रडके, एड. प्रभाकर वानखड़े, सुरेश पडोले और अविनाश काले सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.





