सोशल मीडिया स्टेटस को लेकर खूनी झड़प में 20 वर्षीय युवक की मौत
बीड जिले के आष्टी तालुका में दो गुटों में मारपीट, एक आरोपी गिर फ्तार

बीड/दि.17- सोशल मीडिया पर स्टेटस और स्टोरी डालने जैसे मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. जिले के आष्टी तालुका स्थित रुई नालकोल गांव में दो गुटों के बीच हुई मारपीट में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल है. मृत युवक की पहचान दीपक शिवाजी नालकोल (20) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ स्टेटस और स्टोरी रखने को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. मारपीट के दौरान दीपक को गंभीर चोटें आईं. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. घटना में उसके दो अन्य साथी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अहिल्यानगर के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है.
इस मामले में आष्टी पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में विशेष टीम रवाना की गई है. घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है.





