नर्सिंग कॉलेज की 45 छात्राओं को फूड पॉइजनिंग

गोंदिया मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी

गोंदिया/दि.26 – जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां नर्सिंग कॉलेज की 45 छात्राएं भोजन से विषबाधा का शिकार हो गईं. सभी छात्राओं को उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोंदिया स्थित जिला सामान्य अस्पताल परिसर में संचालित शासकीय नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं इस घटना से प्रभावित हुई हैं. यह कॉलेज बाई गंगाबाई महिला अस्पताल परिसर में स्थित है, जहां करीब 185 छात्राएं रहकर नर्सिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं.
बताया गया है कि बुधवार रात छात्राओं ने कॉलेज के कैंटीन में भोजन किया था. इसके बाद देर रात और तड़के कुछ छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी और अन्य तकलीफें शुरू हुईं. शुरुआत में कुछ छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गुरुवार सुबह तक यह संख्या बढ़कर 45 हो गई. सभी प्रभावित छात्राओं को तुरंत शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया. राहत की बात यह है कि सभी छात्राओं की हालत फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और भोजन व पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं. मामले की जांच जारी है और विषबाधा के कारणों का पता लगाया जा रहा है. मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता ने बताया कि सभी छात्राओं पर डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

Back to top button