सांसद वानखडे के प्रयासों से तपोवन में पहुंचे 8 सिलेंडर

कम से कम एक सप्ताह तक की चिंता मिटी

* दिल्ली से आते ही किया था कुष्ठधाम का रुख
अमरावती/दि.6– तपोवन संस्था में रहनेवाले 450 निराश्रित और कुष्ठरोगियों के जीवन पर संकट पैदा करने वाली गैस की कमी की खबर पर आखिरकार सरकार ने तुरंत संज्ञान लिया है. मीडिया में यह मुद्दा प्रमुखता से सामने आने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया और तपोवन संस्था की गैस समस्या फिलहाल सुलझा दी गई है. शुक्रवार को संस्था को आठ गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए है, जो कम से कम आठ दिनों के लिए पर्याप्त होंगे.
संस्था द्वारा हुई मदद की अपील पर सांसद बलवंत वानखडे ने तपोवन का दौरा किया. वहां रह रहे लोगों की समस्याओं को समझते हुए संबंधित आपूर्ति अधिकारियों से तुरंत संपर्क किया और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की. इससे पहले गैस की कमी के कारण संस्था के कार्यकर्ताओं और निवासियों को चूल्हे पर खाना बनाने की नौबत आ गई थी. लकडी इकठ्ठा कर भोजन तैयार करना पड रहा था, जिससे 450 लोगों की रोजाना भोजन व्यवस्था गंभीर समस्या बन गई थी. इस स्थिति ने समाज को झकझोर कर रख दिया था.
सांसद वानखडे दिल्ली से आते ही सीधे तपोवन पहुंचे. उन्होंने आपूर्ति अधिकारियों को फोन लगाए. कुष्ठरोगियों को हो रही इंधन की समस्या तुरंत हल करने के निर्देश दिए. सांसद वानखडे की तत्परता काम आई. उन्होंने तपोवन में लगभग 400 लोगों का भोजन बना रही महिलाओं से भी संवाद किया. उनकी कुशल क्षेम पूछी. सांसद वानखडे के निर्देश से आपूर्ति विभाग ने आनन-फानन में 8 एलपीजी सिलेंडर तपोवन में पहुंचाए. जिसे देख कुष्ठरोगियों और भोजन तैयार करनेवाली महिलाओं के मुख पर संतोष व्यक्त हुआ. सांसद वानखडे ने कहा कि, कुष्ठरोगियों को हो रही तकलीफ उनके लिए देखना असह्य रहा. इसलिए उन्होंने तुरंत निर्देश दिए.

Back to top button