फर्जी दिव्यांगों का सफर होगा बंद, रापनि करेंगी जांच
बोगस पहचान पत्र पाए जाने पर दोषी पर कार्रवाई

अमरावती/दि.3 – फर्जी वैश्विक पहचान पत्र यानी यूडीआईडी का उपयोग कर एसटी सफर में सहुलियत का लाभ लेने वाले यात्रियों की जांच की जाएगी. एसटी के सभी वाहक, पर्यवेक्षक और जांच कर्मचारियों के मोबाइल में यूडीआईडी एप डाउनलोड कर प्रत्येक दिव्यांग यात्री की जांच की जाएगी. इस दौरान सीधे अपराध दर्ज कर फर्जी पहचान पत्र जब्त किया जाएगा.
इस संबंध में राज्य परिवहन महामंडल ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. जिले के आठ डिपो में रोजाना दौडने वाली बसों में एसटी महामंडल के वाहक, पर्यवेक्षक और जांच कर्मचारियों के मोबइल में यूडीआईडी एप डाउनलोड कर बोगस दिव्यांगों के सफर पर रोक लगा दी जाएगी, ऐसा रापनि सूत्रों ने बताया. इस एप के माध्यम से यात्रा दौरान प्रत्येक दिव्यांग यात्री के यूडीआईडी पहचान पत्र की तुरंत जांच की जाएगी. पहचान पत्र फर्जी पाए जाने पर संबंधित यात्री पर सीधे अपराध दर्ज कर पहचान पत्र भी जब्त किया जाएगा. इसके साथ ही एसटी बस की सहुलियत का दुरुपयोग करनेवालों पर दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी. इन दिनों कुछ प्रवासी नकली यूडीआईडी दिखाकर सहुलियत का लाभ लेने की शिकायतें बढ रही थी, इसलिए पात्र दिव्यांग यात्री पर अन्याय होकर एसटी महामंडल का भी आर्थिक नुकसान हो रहा था. इसलिए यह महत्वपूर्ण निर्णय रापनि ने लिया है.
* पात्र दिव्यांगों का रखा जाएगा ध्यान
सही व पात्र दिव्यांग यात्रियों को कोई तकलीफ न हो, इस बात का ध्यान रखा जाएगा. तथा संवेदनशीलता से जांच की जाएगी.
* मुहिम तेज करेंगे
पहचान पत्र फर्जी होने की बात सामने आने पर कार्ड जब्त कर संबंधितों के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी. इस संबंध में शिकायतें बढने पर रापनि प्रशासन ने मुहिम को और भी तेज करने का निर्णय लिया है.
सहुलियत का दुरुपयोग रोकने के लिए यह मुहिम चलाई जा रही है. पात्र दिव्यांग यात्रियों का अधिकार सुरक्षित रखना ही हमारा उद्देश्य है.
-नीलेश बेलसरे, विभाग नियंत्रक





