पैसे दोगुना करने का प्रलोभन देकर नागरिकों को 92.24 लाख रुपए से ठगा

नांदगांवपेठ पुलिस ने सराफा व्यापारी पर किया मामला दर्ज

अमरावती/दि.5- नांदगांव पेठ के रिध्दी ज्वेलर्स के संचालक सतीशचंद्र एकनाथ बहाड (42) ने नागरिकों को गोल्ड बॉन्ड में पैसे निवेश कर तीन साल बाद पैसे दोगुने कर देने का प्रलोभन देकर 92 लाख 24 हजार रुपए से ठग लिया.शिकायत के आधार पर नांदगांव पेठ पुलिस ने संबंधित सराफा व्यापारी के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज किया हैं.
जानकारी के मुताबिक नांदगांव पेठ के राजपुतपूरा निवासी पंजाबराव श्रावण गुर्जन (65) नामक व्यक्ति ने नांदगांव पेठ थाने में दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक रिध्दी ज्वेलर्स के संचालक सतीशचंद्र बहाड की सराफा दुकान पिछले 10 से 15 साल से राजपूतपुरा परिसर में थी. पंजाबराव और उनके बीच अच्छे संबंध रहने से सतिशचंद ने उन्हें गोल्ड बाँड में पैसे निवेश करने पर तीन साल में पैसे दोगुने होने का प्रलोभन दिया. इस कारण 23 नवंबर 2021 से पंजाबराव ने विविध चरणों में कुल 10 लाख 30 हजार रुपए निवेश किए. इसी तरह गांव के अनेक लोग सतिशचंद्र बहाड के पास पैसे निवेश करते गए और जब गांव के नागरिकों को पैसों का काम पडा तब वै पैसे मांगने के लिए बहाड के पास गए तो उसने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया. पश्चात फर्जी धनादेश शिकायतकर्ता और ग्रामवासियों को दिए. कुछ समय बाद बहाड अपनी दुकान बंद कर सारा सामान लेकर भाग गया. पंजाबराव और ग्रामवासियों को अपने साथ जालसाजी होने का पता चलने पर उन्होंने नांदगांव पेठ थाने में सतीशचंद्र बहाड के खिलाफ शिकायत दर्ज की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 420, 406, 409 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की हैं.

Back to top button