टेबल टेनिस के उच्चस्तरीय प्रशिक्षण के लिए शहजाद खान और राजू एंथोनी फ्रांसिस का चयन
सांगली में 16 से 18 अक्टूबर तक आयोजित प्रशिक्षण शिविर में महाराष्ट्र के 86 प्रशिक्षक लेंगे हिस्सा

अमरावती में खेल को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
अमरावती/दि.16 – महाराष्ट्र राज्य टेबल टेनिस संघ की ओर से सांगली में आयोजित उच्चस्तरीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण शिविर के लिए अमरावती जिला टेबल टेनिस संघ के अधिकृत प्रशिक्षक शहजाद खान और एंथोनी थॉमस फ्रांसिस उर्फ राजू का चयन किया गया है. यह प्रशिक्षण शिविर 16 से 18 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है. इसमें महाराष्ट्र के कुल 86 प्रशिक्षक हिस्सा ले रहे हैं. दोनों प्रशिक्षक शिविर में शामिल होने के लिए सांगली पहुंच चुके हैं.
महाराष्ट्र राज्य टेबल टेनिस संघ के मुख्य सचिव यतीन टिपणीस तथा सचिव आशुतोष पोटणीस ने पूरे महाराष्ट्र का दौरा कर राज्य में टेबल टेनिस खेल की स्थिति का अध्ययन किया. इस दौरान उन्हें महसूस हुआ कि राज्य में टेबल टेनिस के प्रशिक्षण की सुविधाएं सीमित हैं और विशेष रूप से बुनियादी स्तर पर प्रशिक्षित प्रशिक्षकों की कमी है. इस कमी को दूर करने तथा राज्य में योग्य प्रशिक्षक तैयार करने के उद्देश्य से संघ ने वर्ष 2025 से विशेष पहल शुरू की है. इसी उपक्रम के अंतर्गत सांगली में उच्चस्तरीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है.
* शहजाद खान को लेवल-2, जबकि राजू को लेवल-1 का प्रशिक्षण
अमरावती जिला टेबल टेनिस संघ के अधिकृत प्रशिक्षक शहजाद खान एनआईएस प्रशिक्षक हैं तथा उन्होंने लेवल-1 की परीक्षा भी उत्तीर्ण की है. महाराष्ट्र राज्य टेबल टेनिस संघ की ओर से उनका चयन लेवल-2 प्रशिक्षक प्रशिक्षण के लिए किया गया है. वहीं, एंथोनी थॉमस फ्रांसिस उर्फ राजू का चयन लेवल-1 प्रशिक्षक प्रशिक्षण के लिए हुआ है. शिविर में प्रतिभागियों को टेबल टेनिस के आधुनिक प्रशिक्षण तरीकों के साथ-साथ खेल के नियमों की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी. इसका उद्देश्य प्रशिक्षकों की तकनीकी क्षमता बढ़ाना तथा राज्य में टेबल टेनिस के प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार करना है.
* 20 वर्षों से खिलाड़ियों को दे रहे हैं प्रशिक्षण
शहजाद खान और राजू पिछले लगभग 20 वर्षों से टेबल टेनिस संघ के अधिकृत प्रशिक्षण केंद्र में खिलाड़ियों को तकनीकी और अनुशासित तरीके से प्रशिक्षण दे रहे हैं. उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिल रहा है. उनके अनुभव और समर्पण के कारण अमरावती में टेबल टेनिस खेल को पहचान मिली है. अमरावती जिले में बेहतर खिलाड़ी तैयार करने, टेबल टेनिस का प्रचार-प्रसार बढ़ाने तथा खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दोनों प्रशिक्षकों का चयन महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
* वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में खेल को बढ़ावा
इस चयन के पीछे श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल के प्रधान सचिव पद्मश्री प्रभाकर वैद्य का आशीर्वाद तथा अमरावती विभाग की विभागीय आयुक्त नैना गुंडे, क्रीड़ा एवं युवक सेवा संचालनालय के अमरावती विभागीय उपसंचालक अविनाश पुंड, जिला क्रीड़ा अधिकारी गणेश जाधव, जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष प्रदीप कालेले, बकुल कक्कड़ और शरद कासट का मार्गदर्शन रहा है. दोनों प्रशिक्षकों को गजानन अंडे, बिपिन मेश्राम और अभिजीत खेरडे ने शुभकामनाएं दीं. यह जानकारी अमरावती जिला टेबल टेनिस संघ के सहसचिव हमीद खान ने दी. उन्होंने संबंधित खेल समाचार को प्रकाशित करने का अनुरोध किया है.





