वितरण कंपनी की लापरवाही से युवक की करंट लगने से मौत
चिखलदरा तहसील के दहेंद्री गांव की घटना

चिखलदरा/ दि. 27 – दहेंद्री गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक आदिवासी युवक की करंट लगने से मृत्यु हो गई. मृतक का नाम पतिराम चंदन कासदेकर हैं. यह घटना जारीदा सबस्टेशन क्षेत्र में हुई. इस घटना से ग्रामवासियों में तीव्र रोष व्याप्त है.
जानकारी के मुताबिक गांव में बिजली आपूर्ति में खराबी आने से उसे सुधारने के लिए लाइनमेन दुर्योधन ईश्वर वासनिक ने विभागीय कर्मचारी होते हुए भी गांव के एक युवक को बिजली के पोल पर चढा दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित युवक बिजली विभाग का कर्मचारी नहीं था और उसे किसी प्रकार का प्रशिक्षण या सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराया गया था. लाइनमेन द्बारा बिजली सप्लाई बंद होने का आश्वासन दिए जाने के बाद पतिराम जैसे ही पोल पर चढा तब उसे जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर पडा. गंभीर हालत में उसे चुर्णी अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. इस घटना के बाद मृतक लाइनमेन घटनास्थल से फरार हो गया. मृतक के परिजन और ग्रामवासियों ने संबंधित लाइन मेन की लापरवाही बताते हुए इस प्रकरण में दोषियों पर मनुष्यवध का मामला दर्ज करने की मांग की है. साथ ही पीडित परिवार को आर्थिक सहयता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की है. चिखलदरा पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर जांच शुरू की है.





