महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित को ‘बिग इम्पैक्ट’ पुरस्कार से सम्मानित

स्मार्ट मीटर स्थापना में देश में अव्वल प्रदर्शन के लिए मिला गौरव

मुंबई / दि. 27 – सर्वाधिक अत्याधुनिक स्मार्ट मीटर स्थापित कर देश में प्रथम स्थान हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित (महावितरण) को मुंबई में आयोजित समारोह में ‘बिग इम्पैक्ट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. यह सम्मान बुधवार (25 फरवरी) को मुंबई के सहारा स्टार होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया. लोकप्रिय रेडियो चैनल 92.7 बिग एफएम की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में रचनात्मक एवं नवाचारपूर्ण पहल के माध्यम से समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को यह पुरस्कार दिया गया.
मुंबई महानगरपालिका की महापौर रितू तावडे और अभिनेत्री ईशा देओल के हाथों महावितरण की ओर से कार्यकारी संचालक धनंजय औंढेकर, मुख्य अभियंता प्रवीण परदेशी तथा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भारत पवार ने यह पुरस्कार स्वीकार किया.
कार्यक्रम में राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार तथा वरिष्ठ अभिनेता बोमन ईरानी की प्रमुख उपस्थिति रही. समारोह में फिल्म, सामाजिक, राजनीतिक, उद्योग और कला जगत की अनेक हस्तियां मौजूद थीं. महावितरण द्वारा 88.50 लाख अत्याधुनिक स्मार्ट मीटर स्थापित किए जाने से महाराष्ट्र ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत सटीक बिलिंग, प्रति घंटे मोबाइल पर बिजली खपत की जानकारी, रियायती समयावधि में अधिक बिजली उपयोग की योजना बनाने की सुविधा तथा ऊर्जा खपत नियंत्रित करने का अवसर मिल रहा है.
महावितरण द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर नि:शुल्क लगाए जा रहे हैं. स्मार्ट मीटर वाले घरेलू उपभोक्ताओं को दिन के बिजली उपयोग पर प्रति यूनिट 80 पैसे की टीओडी (टाइम ऑफ डे) छूट भी दी जा रही है. औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की खपत पर रियायती दरों का लाभ दिया जा रहा है. राज्य में 9 फरवरी से 23 फरवरी तक ‘स्मार्ट मीटर जनजागरण पखवाड़ा’ मनाया गया, जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्मार्ट मीटर के लाभों के बारे में जागरूक किया गया.

Back to top button