मनपा का 876 करोड का बजट आमसभा में पेश
711 करोड का ही होगा खर्च, अभूतपूर्व रुप से 165 करोड की बचत

* स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर ने किया दावा अनेक हेड में बढाया आवंटन
* जोरदार चर्चा शुरु, कई मदों पर खर्च को लेकर प्रशासन निशाने पर
अमरावती/दि.30 – महापालिका की आमसभा में आखिरकार वित्त वर्ष शुरु होने के ठीक एक दिन पहले अर्थसंकल्प प्रस्तुत किया गया. स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर ने परंपरा के अनुसार आज सदन की व्यासपीठ पर बैठकर कुल 876 करोड 26 लाख का अर्थसंकल्प प्रस्तुत किया. जिसमें 711 करोड 6 लाख खर्च और 165 करोड 20 लाख की बचत दर्शायी गई है. बजट प्रावधानों को लेकर मनपा सदन में साधक-बाधक चर्चा सदस्य समाचार लिखे जाने तक कर रहे थे. अनेकानेक मुद्दों पर प्रशासन को पक्ष और विपक्ष दोनों ही सदस्यों ने आडे हाथ लिया था. कई महत्वपूर्ण विषय उपस्थित किये गये. यहां तक की पूर्व मनपा आयुक्त आष्टीकर के कार्यकाल दौरान हुए अनेक फैसलों की जांच हेतु कमिटी की मांग और घोषणा की गई.
* प्रस्तावित आमदनी और खर्च
सभापति मार्डीकर ने सदन में बताया कि, पिछली बचत 3 करोड 84 लाख और नये राजस्व आय 433 करोड 83 लाख ऐसे 437 करोड 66 लाख का कुल इनकम एवं 437 करोड 24 लाख का खर्च सहित 42 लाख बचत का बजट स्थायी समिति के सामने रखा गया था. समिति ने मालमत्ता टैक्स और अन्य राजस्व आमदनी में 21 करोड 78 लाख की बढोत्तरी सूचित की है. जिससे कुल 22 करोड 20 लाख अतिरिक्त निधि उपलब्ध हुई है. 25 प्रकार के हेड में 26 करोड की बढोत्तरी और कुछ लेखाशीर्ष में 5 करोड 74 लाख का खर्च घटाया गया है.
* बढाया वार्ड विकास का आवंटन
सभापति मार्डीकर ने वार्ड विकास निधि और स्वेच्छा निधि को प्रशासन ने 9 करोड 50 लाख का प्रावधान किया था. जिसे 3 गुना बढाकर 28 करोड 50 लाख किये जाने की जानकारी आमसभा को दी तो सभी सदस्यों ने इस घोषणा का स्वागत किया. नागरिकों की सुविधाएं बढाने निश्चित ही वार्ड विकास निधि और स्वेच्छा निधि के उपयोग का भरोसा सभापति मार्डीकर ने व्यक्त किया.
समाचार लिखे जाने तक बजट के प्रावधानों पर जोरदार चर्चा शुरु थी.
ब्यौरा राजस्व निवेश असाधारण ऋण कुल
प्राथमिक शिल्लक 3 करोड 84 लाख 151 करोड 66 लाख 14 करोड 93 लाख 170 करोड 43 लाख
कुल आमदनी 455 करोड 60 लाख 229 करोड 43 लाख 20 करोड 80 लाख 705 करोड 83 लाख
कुल आय 459 करोड 44 लाख 381 करोड 8 लाख 35 करोड 83 लाख 876 करोड 26 लाख
कुल खर्च 458 करोड 75 लाख 231 करोड 50 लाख 20 करोड 80 लाख 711 करोड 6 लाख
अंतिम शिल्लक 0.69 लाख 149 करोड 58 लाख 14 करोड 93 लाख 165 करोड 20 लाख * सफाई पर 40 करोड 95 लाख का खर्च
मनपा स्थायी आस्थापना पर 10 करोड 25 लाख, कर विभाग पर 7 करोड 15 लाख, दमकल पर 2 करोड 25 लाख, जलापूर्ति हेतु 8 लाख 11 हजार, प्रकाश विभाग के लिए 90 लाख, स्वच्छता पर सर्वाधिक 40 करोड 95 लाख का खर्च दर्शाया गया है. स्वास्थ्य विभाग के 5 करोड 67 लाख का बजट खर्च होने की संभावना बतायी गई है. सीसीटीवी लगाने के लिए 1 करोड का खर्च बताया गया है. ठेका पद्धति के मानव संसाधन पर मनपा 18 करोड खर्च करने वाली है. आकस्मिक खर्च के लिए 7 लाख रुपए रखे गये हैं. शहीद स्मारक की देखरेख पर 5 लाख, बगीचे की देखभाल हेतु 3 करोड, ग्रीन जीम हेतु 30 लाख, शिवटेकडी पर्यटन हेतु 10 लाख, शिवाजी महाराज प्रतिमा देखभाल हेतु 25 लाख, अतिक्रमण निर्मूलनन हेतु 65 लाख आदि के प्रावधान मनपा सदन में रखे गये थे.
कई हेड में बढाया गया फंड
स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर ने सदस्यों तथा सदन के नेता, विपक्ष के नेता व गट नेताओं के सुझावों को मान्य करते हुए अनेक शीर्ष में आवंटित फंड की राशि बढाने की पेशकश की. पक्ष नेता चेतन गावंडे ने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि, निश्चित ही विविध मदों पर आवंटित राशि बढेगी. जनता के हित में यह निर्णय जैसे महापौर विशेष निधि के लिए 60 लाख का आवंटन 40 लाख बढाकर 1 करोड किया गया. महापौर कला महोत्सव का 10 लाख का आवंटन दोगुना का 20 लाख किया गया. गटनेताओं को स्वेच्छा निधि 10 लाख से बढाकर 40 लाख किये जाने के सुझाव को सदन में मान्य किया. पक्ष और विपक्ष के नेताओं को 25-25 लाख रुपए निधि बढाने पर सहमति दी गई. आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग के लिए 20 लाख का आवंटन बजट में था. जिसे पांच गुना बढाकर 1 करोड कर दिया गया. महापौर चषक के लिए 15 लाख बढाये गये है. सांस्कृतिक महोत्सव के लिए 10 लाख बढाये गये है. खेल और स्वायत्त संस्थाओं को 10 लाख का आवंटन बढाकर 50 लाख किया गया है. आपात कामों के लिए 4 करोड की बजाय 6 करोड 95 लाख का आवंटन किया गया है. स्मशानभूमि विकास और सुविधाओं के लिए 60 लाख का प्रावधान किया गया था, उसे बढाकर डेढ करोड किया गया.
* पश्चिमी क्षेत्र के विकास मुद्दों को लेकर एमआईएम पार्षद एकजूट
बजट के दौरान एमआईएम के सभी पार्षदों ने पश्चिम क्षेत्र के विकास के लिए विशेष निधि का प्रावधान करने की मांग को लेकर सभागृह में आवाज उठाई. इस विषय को लेकर अन्य पार्षदों ने भी जमकर हंगामा किया. सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में विकास के लिए विशेष निधि की मांग उठाई, तब पक्ष नेता चेतन गावंडे ने कहा कि, स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर द्वारा प्रस्तुत किया गया मनपा का यह वित्तीय बजट संपूर्ण मनपा क्षेत्र के हर प्रभागों के लिए रहता है. इसमें किसी अलग क्षेत्र के विकास के लिए विशेष निधि का प्रावधान नहीं रहता. तब विपक्ष के नेता विलास इंगोले ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि, पश्चिमी क्षेत्र के सभी पार्षदों ने महापौर श्रीचंद तेजवानी के कक्ष में जाकर उन्हें अपने क्षेत्र के विकास बाबत समस्या से अवगत कराना चाहिए. वे इस समस्या का निवारण कर सकते है. तब यह मामला शांत हुआ.





