नागपुरी गेट क्षेत्र में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

आयुष्मान सरकारी अस्पताल के पास वारदात

बाईं जांघ पर चाकू लगने से युवक घायल
अमरावती/दि.17 – नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी स्थित आयुष्मान सरकारी अस्पताल के पास एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया. यह घटना गुरुवार, 15 अक्टूबर की रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच हुई. घायल युवक की शिकायत पर नागपुरी गेट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक नांदुरा निवासी मनोज विश्वनाथ बोद्रे (23) एनएस एंटरप्राइजेज नामक कॉस्मेटिक दुकान में काम करते हैं. गुरुवार रात दुकान बंद होने के बाद वह अपने सहकर्मी ऋषिकेश के साथ घर जा रहे थे. दुकान मालिक के कहने पर उन्हें अपनी सहकर्मी सना अंसारी को भी घर छोड़ने जाना था. इसी दौरान सना अपनी एक्टिवा से आगे निकल गई.
* रास्ते में रोककर की मारपीट
शिकायत के मुताबिक, आयुष्मान सरकारी अस्पताल के पास सैय्यद साहिल सैय्यद शफीक ने मनोज का वाहन रोककर उनसे पूछताछ की. इसके बाद कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि इसी दौरान साहिल ने चाकू निकालकर मनोज की बाईं जांघ के पिछले हिस्से पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए.
* सहकर्मी ने दी घटना की जानकारी
वारदात के बाद ऋषिकेश ने सना के मोबाइल पर फोन कर घटना की जानकारी दी. कुछ ही देर में सना के पिता मौके पर पहुंचे. शिकायत के अनुसार, उन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग गया. इसके बाद घायल मनोज अपने मित्र के साथ नागपुरी गेट पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. मनोज बोद्रे की शिकायत के आधार पर नागपुरी गेट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button