पूर्व सांसद नवनीत राणा जबर्दस्त आक्रमक

ढोंगी बाबा खरात को सरेआम फांसी दें

* महिलाओं के चरित्र हनन पर तीखी टिप्पणियां
अमरावती /दि.2- अंकशास्त्र के आधार पर भविष्य बताने का दावा करने वाले नाशिक जिले के भोंदूबाबा अशोक खरात मामले की राज्य में बड़ी चर्चा शुरू है. अशोक खरात को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसकी एसआईटी के माध्यम से जांच शुरू है और रोज चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं. इस मामले में विभिन्न स्तरों से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. सोशल मीडिया पर कई वीडियो प्रसारित हो रहे हैं. इससे एक अलग ही सवाल खड़ा हो गया है. भाजपा की नेता पूर्व सांसद नवनीत राणा ने पहली बार इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भोंदूबाबा अशोक खरात को भर चौक में फांसी दी जानी चाहिए, इससे कम सजा नहीं होनी चाहिए.
* नवनीत राणा ने क्या कहा?
यहां भानखेड़ा रोड स्थित हनुमान गढ़ी में स्थापित 111 फुट ऊंची हनुमान प्रतिमा का नवनीत राणा और विधायक रवी राणा ने आज पूजन किया. इस दौरान उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया. इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए नवनीत राणा ने कहा कि नाशिक की घटना कई लोगों की भावनाओं को आहत करने वाली है. हम श्रद्धा के साथ भगवान की पूजा-अर्चना करते हैं, लेकिन अगर कोई भोंदूबाबा इसका गलत फायदा उठा रहा है तो यह बेहद संतापजनक है. इस मामले में जो वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं, उनमें महिलाओं का चरित्र हनन किया जा रहा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं तो यह कहना चाहती हूं कि भोंदू बाबा अशोक खरात को भर चौक में फांसी दी जानी चाहिए, इससे कम सजा नहीं होनी चाहिए. इस बलात्कारी व्यक्ति को ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि जो भी स्वयंघोषित भोंदूबाबा हैं, उन पर इसका डर बने. इस भोंदूबाबा को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
* उद्धव ठाकरे पर फिर हमला
नवनीत राणा ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर एक बार फिर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने पूरे महाराष्ट्र की उपेक्षा की, विदर्भ में तो उन्होंने कभी ध्यान ही नहीं दिया. उन्हें भी हनुमान गढ़ी आकर हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए. हनुमान जी का अपमान करने की वजह से ही उनके जीवन में बड़े संकट आए हैं. हनुमान चालीसा का पाठ करने से संकट दूर होने का अवसर है. भगवान के घर में कोई बड़ा या छोटा नहीं होता. हनुमान गढ़ी आने के लिए किसी निमंत्रण की जरूरत नहीं है, उद्धव ठाकरे को खुद ही आना चाहिए.

Back to top button