चिखलसावंगी के पास जले ट्रक के केबिन से चालक का शव बरामद

हत्या के बाद सबूत मिटाने की आशंका

मोर्शी /दि.17 – अमरावती जिले के मोर्शी थाना क्षेत्र में चिखलसावंंगी यात्री आश्रय स्थल के पास खड़े एक ट्रक के केबिन में आग लगने के बाद उसमें चालक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई. प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से ट्रक में आग लगाए जाने की आशंका जता रही है. मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम कर रही है.
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 11 बजे मोर्शी पुलिस को सूचना मिली कि चिखलसावंंगी यात्री आश्रय स्थल के पास खड़े ट्रक क्रमांक एमएच-29/टी-2903 के केबिन में आग लगी हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया. गुरुवार सुबह ट्रक से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को दोबारा सूचना दी गई. इसके बाद केबिन की गहन तलाशी लेने पर अंदर पूरी तरह से जला हुआ एक शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जानकारी के मुताबिक ट्रक के मालिक उमेश गौरीशंकर मिश्रा को बुधवार रात ही ट्रक में आग लगने की सूचना दे दी गई थी. गुरुवार सुबह उनके परिजन मोर्शी पहुंचे. परिजनों ने बताया कि चालक 1 जुलाई को नागपुर से माल लेकर गुजरात गया था. गुजरात में माल उतारने के बाद उसने नागपुर के लिए नया माल लोड किया था. उन्होंने यह भी बताया कि ट्रक का जीपीएस सिस्टम 14 जुलाई से बंद हो गया था, जिससे संदेह और गहरा गया है. परिजनों ने आशंका जताई है कि अज्ञात हमलावरों ने चालक की हत्या करने के बाद पहचान और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से ट्रक के केबिन में आग लगा दी.
घटना की सूचना मिलते ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी उमेश पाटिल, मोर्शी थाना प्रभारी राहुल अठावले तथा अमरावती स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं. समाचार लिखे जाने तक मामले में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button