जुडवा नगरी की स्वास्थ्य सेवाओं को नई उपलब्धी
‘श्री बालाजी ब्लड सेंटर’ का भव्य शुभारंभ

* ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को मिलेगा लाभ
परतवाडा/दि.16- अमरावती जिले की ऐतिहासिक जुडवा नगरी अचलपुर-परतवाडा के लिए रविवार का दिन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि लेकर आया. वर्ष 1996 से रक्तदान और समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत ‘श्री बालाजी ब्लड सेंटर’ की अत्याधुनिक नई इकाई का भव्य उद्घाटन पावर हाउस चौक के सामने ,मिल कालोनी रोड स्थित परिसर में संपन्न हुआ. इस केंद्र केे शुरू होने से अचलपुर , परतवाडा, चांदूरबाजार, मोर्शी, वरूड तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर आधुनिक और सुरक्षित रक्त सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ श्रीनाथ पीठाधीश्वर पूज्य श्री श्री 1008 आचार्य स्वामी जितेंद्रनाथ जी महाराज के करकमलों व्दारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया. अपने आशीर्वचन में उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बडी सेवा है और यह केंद्र समाज के लिए प्रेरणादायी कार्य करेगा. कार्यक्रम में अचलपुर के विधायक प्रवीण तायडे, पूर्व सांसद नवनीत राणा, नगराध्यक्ष रूपाली माथने तथा प्रतिदिन अखबार के संपादक नानकराम आहूजा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. सभी अतिथियों ने दारा परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक मील का पत्थर बताया. करीब तीन दशकों के अनुभव के आधार पर स्थापित इस आधुनिक केंद्र को नवीनतम तकनीकों से सुसज्जित किया गया है.‘सेल्फ ब्लड सेव्स लाइव्स’ सुरक्षित रक्त, सुरक्षित जीवन के उद्देश के साथ शुरू हुए इस केद्र से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण रक्त उपलब्ध कराने में बडी सहायता मिलेगी. विधायक प्रवीण तायडे ने कहां कि, राज्य सरकार की ओर से इस केंद्र को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि यह पूरे विदर्भ क्षेत्र के लिए एक आदर्श ब्लड सेंटर बन सके. वहीं नगराध्यक्ष रूपाली माथने ने केंद्र तक बेहतर पहुंच मार्ग एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
कार्यक्रम के अंत में आयोजित रक्तदान शिविर में 100 से अधिक युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक लाभ लेकर स्वैच्छिक रक्तदान किया. इस अवसर पर डॉ.सी.के. दारा ,डॉ. रवि दारा, डॉ. रेणुका वालिये, तुलसीदास सेतिया, डॉ. विक्रांत वालिये, डॉ. शिल्पा दारा, डॉ. प्रकाश भाकरू, डॉ.सुनीता मुरानी, नील माहेश्वरी , आरती वानखडे, मनीष अग्रवाल, उपेन बचले, भाजपा पदाधिकारी दिलीप आसवानी, नगरसेवक दुर्गा सोनपराते, नगरसेवक अक्षय पताले, भारतीय सिंधु सभा के अध्यक्ष दीपक दौलतानी सहित बडी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.
* ‘अचलपुर बनेगा जिला, खुलेगा मेडिकल कॉलेज’
समारोह के दौरान पूर्व सांसद नवनीत राणा के संबोधन ने विशेष चर्चा बटोरी, उन्होंने श्री बालाजी ब्लड सेंटर और दारा परिवार को बधाई देते हुए कहा कि अमरावती में इस संस्था ने वर्षो से हजारों जरूरतमंदों की सहायता की है और अब अचलपुर-परतवाडा में इसकी आधुनिक इकाई का शुरू होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि,अचलपुर-परतवाडा क्षेत्र स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि, भविष्य में यहां मेडिकल कॉलेज की स्थापना होगी तथा अचलपुर को जिला बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी होगी. उनके इस बयान के बाद उपस्थित नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. उल्लेखनीय है कि अचलपुर को जिला घोषित करने की मांग पिछले दो दशकों से लगातार उठाई जा रही है. क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि, भविष्य में इस दिशा में ठोस कदम उठाएं जाएंगे.





