मुंबई-अमरावती विमान सेवा बार-बार हो रही रद्द
हवाई यात्रियों की परेशानियां बढी, सेवा की अनियमितता पर उठे सवाल

* एमएडीसी के उपाध्यक्ष दीपक कपूर ने अलायंस एयर के सीईओ और केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय से की लिखित शिकायत
* 9, 11 और 14 अक्तू. को उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को झेलना पड़ा भारी मनस्ताप
अमरावती/दि.15 – मुंबई-अमरावती-मुंबई विमान सेवा बार-बार रद्द होने से यात्रियों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं. अलायंस एयर की उड़ानें परिचालन संबंधी कारणों से लगातार प्रभावित हो रही हैं. 9 और 11 अक्तूबर को मुंबई-अमरावती-मुंबई विमान सेवा रद्द रहने के बाद 14 अक्तूबर को भी उड़ान नहीं हो सकी. लगातार सामने आ रही इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र विमानतल विकास कंपनी (एमएडीसी) के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक दीपक कपूर ने अलायंस एयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) तथा केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय (एमओसीए) को लिखित शिकायत भेजी है.
बता दे कि, मुंबई और अमरावती के बीच हवाई संपर्क यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है. ऐसे में उड़ानों का बार-बार रद्द होना यात्रियों की यात्रा योजनाओं को प्रभावित कर रहा है. निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंचने की उम्मीद से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को अंतिम समय में परेशानी का सामना करना पड़ता है. उड़ान रद्द होने से वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था करने, समय पर बैठक या अन्य जरूरी कामों में पहुंचने और यात्रा की योजना दोबारा बनाने जैसी समस्याएं भी पैदा होती हैं.
* लगातार तीसरी बार उड़ान प्रभावित
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 9 अक्तूबर और 11 अक्तूबर को परिचालन संबंधी कारणों से मुंबई-अमरावती-मुंबई विमान सेवा रद्द की गई थी. इसके बाद 14 अक्तूबर को भी विमान उड़ान नहीं भर सका. लगातार तीन निर्धारित तिथियों पर सेवा प्रभावित होने से विमान कंपनी की परिचालन व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. इस स्थिति को देखते हुए एमएडीसी के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक दीपक कपूर ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए अलायंस एयर के सीईओ और केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय को लिखित शिकायत की है. शिकायत के माध्यम से बार-बार उड़ानें रद्द होने की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया गया है.
* यात्रियों को परेशानी, नियमित सेवा की मांग
विमान सेवा में अनियमितता का सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है. हवाई यात्रा का विकल्प चुनने वाले यात्रियों के लिए समय की निश्चितता महत्वपूर्ण होती है. लेकिन यदि निर्धारित उड़ानें बार-बार रद्द होती हैं, तो यात्रियों का भरोसा प्रभावित होने की आशंका रहती है. अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अलायंस एयर और केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय इस शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं. यात्रियों को राहत देने के लिए उड़ानों के रद्द होने के कारणों की स्पष्ट जानकारी, परिचालन संबंधी समस्याओं का समाधान और सेवा को नियमित बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई अपेक्षित है.





