सालबर्डी रोड पर भीषण हादसा, युवक की मौत, दो गंभीर घायल
अनियंत्रित दोपहिया पेड़ से टकराया

घायलों को मोर्शी से अमरावती जिला अस्पताल में किया गया रेफर
मोर्शी /दि.15– मोर्शी शहर के पास सालबर्डी रोड पर बुधवार 14 अक्टूबर की शाम करीब 7.30 बजे हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जाता है कि सालबर्डी से मोर्शी की ओर आ रहा एक अनियंत्रित दोपहिया वाहन सड़क पर जा रहे युवक से टकराने के बाद पेड़ से जा भिड़ा. हादसे में घायल दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद अमरावती जिला सामान्य अस्पताल में रेफर किया गया है.
जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम पाला निवासी विष्णु हरिभाऊ अंभोरे (35) है. वहीं, हादसे में घायल युवकों के नाम मोर्शी निवासी अनुराग कुमरे (20) और संजय धुर्वे (21) है. दोनों युवक दोपहिया वाहन क्रमांक एमएच 27 डीसी 3035 से सालबर्डी की ओर से मोर्शी आ रहे थे. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर जा रहे विष्णु अंभोरे को टक्कर मार दी. इसके बाद दोपहिया सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया. हादसे में विष्णु अंभोरे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
* पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही मोर्शी के थानेदार राहुल आठवले पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मृतक और दोनों घायलों को मोर्शी के उपजिला अस्पताल पहुंचाया. विष्णु अंभोरे के शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया. घायल अनुराग कुमरे और संजय धुर्वे को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगे के इलाज के लिए अमरावती जिला सामान्य अस्पताल में स्थानांतरित किया गया. मोर्शी पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.





