अमरावती के राजेंद्रसिंह राजपूत बने अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री
दो दशक की निस्वार्थ समाजसेवा और तीन कार्यकाल तक प्रदेश अध्यक्ष के रूप में योगदान का मिला सम्मान

अमरावती/दि.15 – ऐतिहासिक अंबानगरी के लिए गौरव की बात है कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्रसिंह राजपूत को संगठन का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है. उनकी यह नियुक्ति दो दशकों से जारी निस्वार्थ समाजसेवा, सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण का सम्मान है.
अमरावती पुलिस विभाग में सेवाएं देने के बाद राजेंद्रसिंह राजपूत ने समाजसेवा का संकल्प लिया. वर्ष 1897 में स्थापित अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा में उन्होंने प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री के बाद प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली और तीन कार्यकाल तक महाराष्ट्र में संगठन का नेतृत्व किया. उनकी कार्यशैली की विशेषता सभी सामाजिक संगठनों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना रही है. वे क्षत्रिय समाज के साथ-साथ अन्य समाजों में भी सम्मान और स्नेह प्राप्त करते हैं. गत 5 अप्रैल को अमरावती के सांस्कृतिक भवन में आयोजित महासभा के कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया. इस आयोजन में लगभग 15 राज्यों के पदाधिकारी शामिल हुए थे. नवरात्रि के प्रथम दिन राष्ट्रीय महामंत्री पद पर उनकी नियुक्ति का समाचार मिलने से समाज में हर्ष का माहौल है. इस उपलब्धि पर उन्हें विभिन्न सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों की ओर से बधाइयां मिल रही हैं.
अपनी सफलता का श्रेय देते हुए राजेंद्रसिंह राजपूत ने कहा कि निस्वार्थ भाव, अनुशासन, निरंतर मेहनत और अपनी गलतियों को सुधारते हुए कार्य करना उनकी कार्यशैली का आधार रहा है. उन्होंने महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद हरिवंश सिंह, राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू, महाराष्ट्र के सभी पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यों में सहयोग देने वाली बहनों-बेटियों तथा अमरावती-मलकापुर के शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता जगदंबा और माता-पिता के आशीर्वाद को भी दिया. राजेंद्र सिंह राजपूत की यह नियुक्ति अमरावती सहित पूरे महाराष्ट्र के लिए गौरव का विषय है.





