अमरावती यूथ फेस्टिवल 2026 का आगाज आज से

तीन दिनों तक शिक्षा, उद्यमिता और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों की रहेगी धूम

अमरावती/दि.21- शहर के युवाओं को शिक्षा, नेतृत्व, उद्यमिता, कला और मनोरंजन के विविध मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवराष्ट्र यूथ फाउंडेशन, अमरावती द्वारा आयोजित अमरावती यूथ फेस्टिवल 2026 का आयोजन 21 से 23 अगस्त तक किया जा रहा है. तीन दिवसीय इस महोत्सव में युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रेरणादायी, ज्ञानवर्धक और मनोरंजक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी.
पत्रवार्ता में दी गई जानकारी के अनुसार महोत्सव के पहले दिन एजुकेशन डे मनाया जाएगा. कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण, पथक वादन, संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन और प्रार्थना से होगी. इसके बाद शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों और मान्यवरों के सत्र, दीप प्रज्वलन, स्वागत समारोह, डिजिटल उद्घाटन, उद्घाटन भाषण, विशेष व्याख्यान तथा प्रमुख अतिथियों की मुलाकात और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे.
पहले दिन दोपहर में यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया जाएगा, जबकि शाम को यूथ जैमिंग सेशन और गरबा नाइट के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. महोत्सव के दूसरे दिन एंटरप्रेन्योरशिप डे के अंतर्गत उद्यमिता और स्टार्टअप क्षेत्र से जुड़े विषयों पर विशेष सत्र आयोजित होंगे. सफल उद्यमियों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के साथ स्टार्टअप एक्सपो तथा विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे. इसी दिन दोपहर में अमरावतीज़ गॉट टैलेंट कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें युवा अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. तीसरे और अंतिम दिन एंटरटेनमेंट डे के अंतर्गत सांस्कृतिक एवं मनोरंजनात्मक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति होगी. कार्यक्रम में विशेष अतिथियों के सत्र, पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. समापन अवसर पर शुभारंभ आख्यान, ग्रैंड म्यूजिक कॉन्सर्ट और डीजे नाइट का आयोजन किया जाएगा.
नवराष्ट्र यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष हिमांशु पाटिल ने युवाओं से बड़ी संख्या में महोत्सव में भाग लेने का आह्वान किया है. आयोजन समिति में भाग्यश्री कांबले, सुबोध राऊत, विक्रांत ठाकरे, अक्षय खांडेकर, सुबोध दुरंदर, सचिन डाकरे और संकल्प गावली सहित अन्य कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. आयोजकों के अनुसार यह महोत्सव युवाओं को सीखने, संवाद करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और अपनी प्रतिभा को मंच प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा.

Back to top button