विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह पर जिला अस्पताल में जनजागृति कार्यक्रम

मानसिक बीमारियों के लक्षण, उपचार और समय पर विशेषज्ञ की सलाह लेने की दी जानकारी

अमरावती/दि.6- विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अवसर पर सोमवार, 5 अक्टूबर को जिला सामान्य अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जनजागृति कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य मानसिक बीमारियों को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना और लोगों को समय पर उपचार लेने के लिए जागरूक करना रहा.
4 से 10 अक्टूबर तक विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह मनाया जा रहा है. इसी के तहत जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न जनजागृति गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. जिला शल्यचिकित्सक डॉ. प्रमोद निरवणे के मार्गदर्शन में जिला सामान्य अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में मरीजों और उनके परिजनों को मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. इस अवसर पर मनोचिकित्सक डॉ. अमोल गुल्हाने और डॉ. स्वाती सोनोनें ने उपस्थित मरीजों को मानसिक बीमारियों के लक्षण, उपचार के विभिन्न विकल्प तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में मार्गदर्शन किया. उन्होंने मानसिक बीमारी के शुरुआती लक्षणों को पहचानने और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की जानकारी दी. अतिरिक्त जिला शल्यचिकित्सक डॉ. मेश्राम ने मरीजों और उनके परिजनों को मानसिक बीमारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बीमारी को नजरअंदाज न करने और समय रहते विशेषज्ञ की सलाह लेने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में मौजूद गलत धारणाओं को दूर करना और उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है. कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शल्यचिकित्सक डॉ. मेश्राम के साथ डॉ. अक्षय चांदूरकर, डॉ. अमर बोडले, डॉ. ऋषिकेश, डॉ. रचना, डॉ. दीपक ठाकरे सहित अस्पताल के अधिकारी, कर्मचारी और मानसिक स्वास्थ्य विभाग के प्रशिक्षु चिकित्सक (इंटर्न) उपस्थित रहे.

Back to top button