शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर ठगी

साइबर पुलिस ने किया सतर्क, फर्जी ऐप पर दिखाते हैं कमाई

* रकम निकालने के नाम पर भी वसूलते हैं शुल्क
* ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
अमरावती/दि.16 – शेयर बाजार में कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर निवेशकों से ठगी के मामले सामने आ रहे हैं. फर्जी ट्रेडिंग ऐप और वेबसाइट के जरिए नागरिकों को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने वाली घटनाओं के मद्देनजर अमरावती शहर साइबर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.
* ऐसे फंसाते हैं निवेशकों को
साइबर ठग सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप पर हर महीने 15 से 20 प्रतिशत तक रिटर्न या कुछ ही दिनों में बड़ी कमाई का दावा करने वाले विज्ञापन प्रसारित करते हैं. इनके झांसे में आने वालों को कथित विशेषज्ञ बनकर फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खोलने और रकम निवेश करने के लिए कहा जाता है. विश्वास जीतने के लिए ऐप पर खाते में बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता है. इसे वास्तविक कमाई समझकर निवेशक और पैसा लगा देते हैं. लेकिन रकम निकालने की कोशिश करने पर सत्यापन शुल्क, टैक्स या खाता अपग्रेड करने के नाम पर अतिरिक्त भुगतान मांगा जाता है. पैसे मिलने के बजाय ठग संपर्क तोड़ देते हैं और निवेशक को नुकसान उठाना पड़ता है.
* इन संकेतों से रहें सावधान
कम समय में असाधारण मुनाफे की गारंटी देना. लगातार फोन या संदेश भेजकर अधिक निवेश का दबाव बनाना. ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के पंजीकरण और कंपनी की विश्वसनीयता की जानकारी स्पष्ट न होना. रकम निकालने के लिए बार-बार नए शुल्क की मांग करना.
* निवेश से पहले जांच जरूरी
साइबर पुलिस ने सलाह दी है कि किसी भी प्लेटफॉर्म पर निवेश करने से पहले भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास उसके पंजीकरण और कंपनी की पृष्ठभूमि की जांच करें. अनजान व्यक्तियों की निवेश संबंधी सलाह पर भरोसा न करें और बैंक विवरण, ओटीपी या लॉगिन पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें. ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें. महाराष्ट्र साइबर पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट एमएचसीवायबीईआर डॉट जीओवी डॉट आयएन पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. समय पर शिकायत करने से संभावित नुकसान रोकने के प्रयास में मदद मिल सकती है.

Back to top button