कल व परसों चिखलदरा में कांग्रेस का ‘लोकशाही मूल्यसंवर्धन अभियान’ शिविर
प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, विजय वडेट्टीवार, यशोमती ठाकुर सहित वरिष्ठ नेताओं की रहेगी उपस्थिति

चिखलदरा/दि.16- कांग्रेस की महाराष्ट्र प्रदेश समिति के विभिन्न विभागों की ओर से ‘लोकशाही मूल्यसंवर्धन अभियान’ के तहत कल व परसो दो दिवसीय शिविर का आयोजन चिखलदरा स्थित राजाकुठी रिसॉर्ट में किया जा रहा है. शिविर में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, पूर्व मंत्री वसंत पुरके, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री एड. यशोमती ठाकुर तथा अमरावती के सांसद बलवंत वानखड़े सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रहेगी.
कांग्रेस शहर अध्यक्ष जहीर खान पठान ने इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय शिविर के आयोजन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियां की जा रही हैं. कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी तथा स्थानीय और क्षेत्रीय नेता भी शामिल होंगे. शिविर में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष साजिद खान पठान, ओबीसी विभाग के अध्यक्ष यशपाल भिंगे तथा अन्य विभागों के पदाधिकारियों की प्रमुख उपस्थिति रहेगी. इसके अलावा अमरावती ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिरुद्ध देशमुख और अमरावती शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मूर्ति शेखावत सहित अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में सहभागी होंगे.
शिविर को सफल बनाने के लिए स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं. श्रीकृष्ण सगणे, अब्दुल भाई, नगर अध्यक्ष सहदेव बेलकर, तहसील कांग्रेस अध्यक्ष राहुल येवले, प्रदेश अध्यक्ष इरशाद शेख, जमील मोहम्मद, शहाबुद्दीन विंसेंट चंदामी और सुरेश नागरे सहित अन्य पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं. चिखलदरा में आयोजित इस शिविर के लिए पहुंचने वाले प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करने की तैयारी की जा रही है.





