स्थायी समिति की पहली ही सभा में निर्णयों की झडी
बायो मायनिंग ठेका फिलहाल स्थगित

* पदाधिकारियों को वाहन की बजाय प्रति माह खर्च तय
* बडनेरा में ई- बसेस हेतु शीघ्रता से तैयार होगा चार्जिंग स्टेशन
अमरावती / दि.11- महानगरपालिका के आर्थिक फैसलों की कुंजी रखनेवाली स्थायी समिति की अध्यक्ष अविनाश मार्डीकर की अध्यक्षता में आज दोपहर हुई पहली ही सभा में प्रशासकीय और सदस्यों के प्रस्तावों पर निर्णयों की बौछार की गई. बायो मायनिंग का ठेका फिलहाल स्थगित किए जाने की जानकारी समिति सदस्यों ने दी और बताया कि प्रशासन द्बारा रखे गये सार्वजनिक जगह के मनपा को सौंपे गये भवनों की व्यवस्था पंजीकृत संस्थाओं को देने का निर्णय भी अभी मुल्तवी किया गया है. उल्लेखनीय है कि पहली ही सभा होने से तय समय से पहले ही स्थायी के नवनिर्वाचित 14 सदस्य उपस्थित हो गये थे. उसी प्रकार प्रस्ताव पर तीव्र गति से चर्चा कर निर्णय किए गये. जिसमें लेखा परीक्षण का फैसला शामिल है. अर्थात विविध विभागों के आय-व्यव का ऑडिट होगा.
* पदाधिकारियों की 50 और 35 हजार वाहन खर्च
महापालिका द्बारा पदाधिकारियों महापौर, उप महापौर, गटनेता, पक्ष नेता, विपक्ष के नेता और सभापतियों के लिए वाहन उपलब्ध करवाने की झंझट से बचते हुए सभी को पद अनुसार 50 हजार और 35 हजार रूपए प्रति माह वाहन खर्च देने का प्रस्ताव स्थायी समिति ने तुरंत और सर्वसम्मति से पारित किया. जिससे महापौर सहित पदाधिकारियों के वाहन के रखरखाव और चालकों के वेतन व अन्य सुविधा का भार अलग से मनपा पर नहीं होगा. मनपा को केवल 50 हजार एवं 35 हजार का वाहन खर्च पदाधिकारियों को प्रतिमाह देय होगा. उल्लेखनीय है कि इस खर्च में इंधन, चालक का वेतन, वाहन का रख रखाव सभी खर्च शामिल है.
* बडनेरा सबस्टेशन का ठेका एनटी इलेक्ट्रीकल को
पीएमई बस सेवा प्रकल्प के लिए महापारेषण के बडनेरा में 33 केवी समता के सबस्टेशन स्थापना को स्थायी समिति ने मंजूरी दी. इसके लिए सबसे कम रेट वाले ठेकेदार से महाराष्ट्र मनपा प्रांतिक अधिनियम अंतर्गत अनुबंध करने का निर्णय किया गया है. सब स्टेशन से इलेक्ट्रिक बसों का चार्जिंग सहज सुलभ होगा. जिससे आनेवाले महीनों में शहर में इलेक्ट्रिक शहर बस सेवा होगी. इलेक्ट्रिक पर चलनेवाली बसेस के कारण अमरावती में प्रदूषण कम होगा. अमरावती पिछले वर्ष बेहतर आबोहवा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे नंबर का 75 लाख रूपए का अवार्ड जीत चुका है. 51 लाख का यह ठेका एनटी इलेक्ट्रीकल को दिये जाने की संभावना है. उन्होंने 5.47 प्रतिशत बीलो (कम) का टेंडर भरा है. प्रशासन ने गत जनवरी में उक्त टेंडर का फाइनांशियल बीड का लिफाफा खोला था. जिसमें 3 कंपनियों का प्रस्ताव आया था. सबसे कम रेट एनटी इलेक्ट्रीकल के रहने से गत 24 फरवरी को आयुक्त ने उसे मंजूरी दी है. अब स्थायी समिति में भी पास होने से यह सबस्टेशन शीघ्र निर्मित होगा और ई-बस सेवा शीघ्र सुचारु होगी.
* सफाई ठेके बिल पर नगरसेवकों के हस्ताक्षर जरूरी
स्थायी की आज की बैठक में बीजेपी की पंचफुला चव्हाण ने शहर के दैनंदिन सफाई ठेकेदार के प्रत्येक माह के बिल का भुगतान करने से पहले नगरसेवकों की स्वाक्षरी लेना बंधनकारक करने का प्रस्ताव रखा. बीजेपी की पद्मजा कौंडण्य ने इसका अनुमोदन किया. उपरांत समिति सदस्यों की चर्चा पश्चात प्रस्ताव मंजूर करने की घोषणा सभापति मार्डीकर ने की. यह विषय शहर के सभी नगरसेवकों के लिए गंभीर मामला है. साफ-सफाई को लेकर नगरसेवक को ही जनता का कोप भाजन बनना पडता है.
* फ्रेजरपुरा के भवन पर निर्णय नहीं
मनपा के फ्रेजरपुरा शीट नं. 29, प्लॉट नं. 5 में सार्वजनिक भवन को लीज पर देने संबंधी 16 मई 2024 के तत्कालीन आयुक्त के मंजूरी प्रस्ताव पर फिलहाल स्थायी समिति ने अपनी मुहर नहीं लगाई है. आज की बैठक में प्रशासन की ओर से यह प्रस्ताव रखा गया था. जिसे अभी स्थगित करने का निर्णय स्थायी समिति ने सुनाया है. उक्त भवन को मारुती देवस्थान को वाचनालय के लिए प्रतिवर्ष 600 रुपए किराया और 10 हजार रुपए डिपॉजिट राशि पर देने का प्रस्ताव था. स्थायी ने अभी मंजूरी नहीं दी.





