चलते ऑटो रिक्शा में लगी भीषण आग, जलकर राख
नागरिकों ने चालक को खिंचकर निकाला बाहर

* बडा अनर्थ टला, रेलवे स्टेशन से एसटी डिपो मार्ग की घटना
अमरावती/दि.11- शहर के एसटी डिपो से रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे एक ऑटो रिक्शा में अचानक आग लग जाने से हडकंप मच गया. चलते ऑटो रिक्शा में अचानक लगी आग के कारण कुछ समय के लिए नागरिकों में अफरातफरी मच गई. किसी तरह नागरिकों ने ऑटो चालक को खिंचकर बाहर निकाला और उसकी जान बचाई. लेकिन इस हादसे में ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गया.
जानकारी के मुताबिक पिछले 3-4 दिनों से तापमान में बढोत्तरी हुई हैं. धूप अब आग उगलने लगी हैं. ऐसे में दोपहर के समय शहर के प्रमुख मार्गों पर चहल-पहल कम दिखाई देती हैं. बुधवार 11 मार्च को दोपहर 12 बजे के दौरान अमरावती मध्यवर्ती बस डिपो की तरफ से रेलवे स्टेशन की तरफ एमएच 27-बीएच- 6456 क्रमांक का एलपीजी गैस का ऑटो रिक्शा आ रहा था. भाग्यवश इस ऑटो रिक्शा में यात्री सवार नहीं थे. केवल ऑटो चालक ही उस पर सवार था. यह ऑटो छाबडा मार्केट के सामने पहुंचा तब अचानक चलते ऑटो रिक्शा में आग लग गई. ऑटो में आग लगते ही मार्ग से गुजरनेवाले नागरिकों में अफरातफरी मच गई. इसके बावजूद ऑटो चालक को कुछ समझ नहीं रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक नशे में था. इस कारण नागरिकों ने साहस कर किसी तरह उस ऑटो चालक को खिंचकर बाहर निकाला. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया. ऑटो एलपीजी का रहने से नागरिकों को विस्फोट होने का भी डर था. घटना की जानकारी अग्निशमन दल को दी गई. जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल घटनास्थल आ पहुंचा. दो गाडियों की सहायता से इस आग को काबू में कर लिया गया. लेकिन तब तक ऑटो रिक्शा पूरी तरह जलकर राख हो गया था. कोई अनहोनी न होने से नागरिकों ने राहत की सांस ली.
* सडक किनारे खडे रहते है अनेक वाहन
एसटी डिपो से रेलवे स्टेशन चौक तक सडक किनारे दोनों तरफ से सैंकडो वाहन फुटपाथ पर खडे रहते हैं. ऐसे में दोपहर के समय ऑटो रिक्शा में आग लगते ही वह धधक उठा. आग की लपटे काफी उंची थी और यह ऑटो एलपीजी का रहने से नागरिकों को उसके विस्फोट का डर था. ऐसा कुछ हो जाता तो फुटपाथ पर खडे वाहन भी आग की चपेट में आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता था. लेकिन दमकल कर्मियों ने समय पर पहुंचकर आग को काबू में कर लिया. इस कारण बडा अनर्थ टल गया.





