कल रात पुराना बाईपास रोड पर आनंद मार्बल फैक्टरी के सामने हुई दुर्घटना
भीषण हादसे में पिता-पुत्री की मौत, एक बेटी घायल

* तेज रफ्तार कार ने दुपहिया को मारी जबरदस्त टक्कर
* मायानगर के माउली गार्डन परिसर निवासी थे पिता व दोनों बेटियां
* एक बेटी को पुणे जाने हेतु ट्रैवल्स स्टॉप पर छोडने दुपहिया लेकर निकले थे गजानन माकोडे
* दूसरी बेटी भी अपनी बहन को विदा करने दुपहिया पर हुई थी सवार
* पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मारकर दुपहिया को उडाया
* कार में सवार दो युवक थे नशे में धूत, कार से शराब व बीयर की बोतले भी बरामद
* हादसे के बाद कार में सवार दोनों युवक मौके से हुए फरार, एक ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर, दूसरे की तलाश जारी
अमरावती /दि.16- शहर में कल रविवार 15 मार्च की रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कार की टक्कर से दुपहिया पर सवार एक पिता और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है. हादसे के बाद मद्यधुंद कार चालक अपने साथी सहित मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. यह दुर्घटना राजापेठ पुलिस स्टेशन की सीमा में पुराने बायपास रोड पर आनंद मार्बल फैक्टरी के सामने हुई. बीती रात 12.05 बजे घटित इस घटना के बाद आज तडके 4.30 बजे के आसपास इस हादसे के लिए जिम्मेदार कार के चालक मनीष विरुमल शोभानी (35, कृष्णा नगर) ने राजापेठ पुलिस थाने पहुंचकर खुद ही आत्मसमर्पण कर दिया. जिससे पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है. साथ ही हादसे के वक्त कार में सवार दूसरे युवक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
जानकारी के अनुसार मायानगर (माऊली गार्डन के पास) निवासी गजानन श्रीराम माकोडे (55) अपनी दो बेटियों सपना (24) और प्रियंका (23) को लेकर दुपहिया क्र. एमएच-27/एटी-9030 पर सवार होकर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि सपना पुणे जाने वाली थी. उसे बडनेरा हाईवे रोड ट्रैवल स्टॉप पर छोड़ने के लिए पिता और बहन बाइक से ले जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार क्र. सीजी-04/एनवी-7005 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों लोग करीब 50 से 60 फुट तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस का मोबाइल दस्ता मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान सपना माकोडे (24) और गजानन माकोडे (55) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं प्रियंका माकोडे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आगे के इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस दर्दनाक घटना से मायानगर इलाके में शोक की लहर फैल गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में सवार दो युवक नशे की अवस्था में थे और दुर्घटना के बाद कार से शराब व बीयर की बोतलें भी मिलीं. हादसे के तुरंत बाद कार चालक और उसके साथ कार में सवार दूसरा युवक मौके से फरार हो गये. जिनकी सरगर्मी से तलाश करनी शुरु की गई. जिसमें से मनीष विरुमल शोभानी नामक युवक ने खुद को उस कार का चालक बताते हुए तडके 4.30 बजे के आसपास राजापेठ पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. इस समय मनीष शोभानी ने पुलिस को बताया कि, वह अपनी बहन को लेने के लिए बीती रात अपनी कार से बडनेरा रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी पुराना बाईपास रोड पर आनंद मार्बल के सामने उक्त हादसा घटित हुआ. जिसके बाद वह घबराकर मौके से भाग निकला. साथ ही यह जानकारी भी सामने आई है कि, इस हादसे के घटित होने के बाद मनीष शोभानी वहां से भागकर पंचवटी चौक परिसर पहुंचा था. जहां पर उसने अच्छी-खासी शराब पी थी. जिसके बाद नशा उतरने के बाद उसे अपनी कार से घटित हुए हादसे की गंभीरता का एहसास हुआ और उसने राजापेठ पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया.
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, विगत कुछ दिनों से अमरावती शहर में रात के वक्त नशे में धूत होकर वाहन चलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही है, जिसकी वजह से अब तक कई बार भीषण सडक हादसे भी घटित हो चुके है. ऐसे में बीती रात पुराने बायपास रोड पर हुए इस भीषण हादसे के बाद नागरिकों ने पुलिस से ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.





