पेट्रोल का पर्याप्त भंडार, अफवाह फैलाने वालों पर होगी एफआईआर

मंत्री गिरीश महाजन ने जारी किया सख्त संदेश

नाशिक/दि.26 – राज्य में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार का ईंधन संकट नहीं है. पेट्रोल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है. अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. राज्य के मंत्री गिरीश महाजन ने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर गलत जानकारी फैलाने वालों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी.
इस समय नाशिक समेत कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं. मंत्री महाजन ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में ईंधन की मांग डेढ़ गुना तक बढ़ गई है, जिससे कृत्रिम कमी की स्थिति बनी है. हालांकि पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग अनावश्यक रूप से ज्यादा मात्रा में ईंधन भरवा रहे हैं. कुछ स्थानों पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पेट्रोल पंप संचालकों ने 200 से 300 रुपये तक ही पेट्रोल देने की सीमा तय कर दी है.
मंत्री महाजन ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति में कुछ कमी हो सकती है, लेकिन घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है. नागरिकों को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है, इसलिए अनावश्यक भीड़ या घबराहट से बचें. उन्होंने यह भी बताया कि के-1 केरोसिन का अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है, जिससे जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सकता है.
अफवाहों से बचने की अपील
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और आवश्यकतानुसार ही ईंधन भरवाएं. अनावश्यक भीड़ और जमाखोरी से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. सरकार ने साफ किया है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल का कोई वास्तविक संकट नहीं है. वर्तमान स्थिति अफवाहों और बढ़ती मांग के कारण बनी है. ऐसे में संयम बनाए रखना और सही जानकारी पर ही भरोसा करना जरूरी है.

Back to top button