राजस्थान अग्रवाल पंचायत के अध्यक्ष बने अनिल अग्रवाल

परतवाड़ा/दि.2- परतवाड़ा के अग्रवाल समाज के लिए एक अत्यंत हर्ष और गौरव का क्षण है कि स्थानीय समाज के सम्मानित व्यक्तित्व और प्रेरणास्त्रोत अनिल अग्रवाल को राजस्थान अग्रवाल पंचायत का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने की खबर मिलते ही स्थानीय अग्रवाल समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है। अनिल अग्रवाल अपने मिलनसार व्यक्तित्व और समाज के प्रति अटूट समर्पण के लिए जाने जाते हैं। उनकी दूरदर्शिता और संगठनात्मक क्षमता ने हमेशा समाज के युवाओं और वरिष्ठों के लिए एक मिसाल पेश की है। उनके समर्थकों का मानना है कि उनका नेतृत्व राजस्थान अग्रवाल पंचायत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और समाज के विकास में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। उनकी इस उपलब्धि पर समाज के विभिन्न वर्गों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनके शुभचिंतकों ने एक संदेश में कहा कि, आपका नेतृत्व, समाज के प्रति समर्पण एवं दूरदर्शिता हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी कार्यकाल की प्राप्ति हो। इस नियुक्ति से न केवल अनिल अग्रवाल के व्यक्तिगत सम्मान में वृद्धि हुई है, बल्कि पूरे परतवाड़ा अग्रवाल समाज का सम्मान भी बढ़ा है। समाज के सदस्यों ने आशा व्यक्त की है कि उनके कार्यकाल में पंचायत की गतिविधियां और अधिक प्रभावशाली होंगी, जिससे सामाजिक एकता और मजबूती को बढ़ावा मिलेगा। नई जिम्मेदारी के लिए अनिलजी अग्रवाल को आगामी कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
समाज के प्रति समर्पित रहेगा मेरा हर कदम
अनिल अग्रवाल ने ’राजस्थान अग्रवाल पंचायत’ का अध्यक्ष बनने के बाद कहा कि परतवाड़ा और पूरे राजस्थान अग्रवाल पंचायत के स्वजन, भाइयों और बहनों का अत्यंत विनम्रता और हृदय की गहराई से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि मुझे सेवा करने का जो दायित्व और सम्मान दिया गया है, उसके लिए मैं सभी का सदैव ऋणी रहूंगा। यह पद केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। मेरा निरंतर प्रयास रहेगा कि संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाऊं। उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना, युवाओं के नवाचारों को प्रोत्साहित करना और वरिष्ठों के मार्गदर्शन का सम्मान करते हुए सामाजिक विकास की नई ऊंचाइयों को छूना है। साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि मेरा हर निर्णय समाज के हित में होगा। उन्होंने समाज के समस्त लोगों से आने वाले समय में भी अपना सहयोग और मार्गदर्शन मांगा है ताकि वे अपने कार्यकाल को सफल, पारदर्शी और सेवाभावी बना सकें।





